पीयूष मिश्रा/गिरिडीह
गिरिडीह जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चिकसोरिया गांव में साइबर अपराधी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस दौरान पुलिस वाहन पर जमकर पथराव किया गया, जिससे गाड़ी के शीशे टूट गए। हालांकि घटना में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है। वहीं हंगामे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर गिरफ्तार साइबर अपराधी पुलिस की गिरफ्त से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात करीब एक बजे साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत के नेतृत्व में पुलिस टीम चिकसोरिया गांव पहुंची थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि साइबर अपराधी चूरामन मंडल गांव में मौजूद है। बताया जाता है कि चूरामन मंडल चमलिट्टी गांव का रहने वाला है और अपनी ससुराल चिकसोरिया आया हुआ था।

आरोपी को पकड़ने के बाद जुटी ग्रामीणों की भीड़
पुलिस ने छापेमारी के दौरान चूरामन मंडल को गिरफ्तार भी कर लिया था। इसी बीच गांव में इसकी सूचना फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि ग्रामीणों ने पुलिस टीम को घेर लिया और लाठी-डंडों के साथ विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस वाहन पर पथराव शुरू कर दिया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और उसके शीशे टूट गए। हालात बिगड़ते देख पुलिसकर्मियों को पीछे हटना पड़ा। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर चूरामन मंडल पुलिस हिरासत से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कई थानों की पुलिस पहुंची, दर्ज होगी प्राथमिकी
घटना की सूचना मिलते ही गांडेय इंस्पेक्टर समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया। साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी कर ली गई थी, लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस को घेरकर पथराव शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि इस मामले में अहिल्यापुर थाना में अलग से प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।