गिरिडीह
गिरिडीह जिले में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सड़क सुरक्षा के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को गिरिडीह जिला पुलिस द्वारा विशेष यातायात जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. विमल कुमार ने किया। इस जागरूकता रैली की शुरुआत जिला नियंत्रण कक्ष से हुई, जिसमें सदर एसडीपीओ जितवाहन उरांव समेत कई पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी और जवान शामिल हुए। जागरूकता रैली शहर के नेताजी चौक, झंडा मैदान, जरासंध चौक, टॉवर चौक, कालीबाड़ी चौक और बड़ा चौक सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए पंचंबा तक पहुंची। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने आम लोगों को हेलमेट के सही उपयोग, सीट बेल्ट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने, तेज गति से वाहन नहीं चलाने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने का संदेश दिया।

नागरिकों को स्वयं जागरूक और अनुशासित होना होगा
रैली के दौरान पुलिस सोशल मीडिया सेल द्वारा तैयार किए गए पोस्टर और बैनर भी प्रदर्शित किए गए, जिन पर सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण निर्देश लिखे गए थे। लोगों को सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने की अपील की गई। मौके पर एसपी डॉ. विमल कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर जिले में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग लोगों की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। सड़क दुर्घटनाओं में लगातार हो रही मौतों को रोकने के लिए नागरिकों को स्वयं जागरूक और अनुशासित होना होगा। उन्होंने आम लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और शहर में जाम की समस्या को कम करने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। इस आयोजन में नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, ट्रैफिक प्रभारी दुगनु टोपनो, यातायात विभाग के कर्मी एवं स्थानीय प्रशासन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
.jpeg)