logo

गिरिडीह में भीषण हादसा, ट्रेलर में फंसी कार को 6 KM तक घसीटा; चालक की मौत

गिरिडीह में भीषण हादसा, ट्रेलर में फंसी कार को 6 KM तक घसीटा; चालक की मौत

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र के निमाटांड़ गांव के समीप रविवार रात करीब आठ बजे सड़क हादसे में वैगनआर कार चालक महेश यादव की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान भुवनेश्वर यादव और बंशी यादव के रूप में हुई है।


ट्रेलर छोड़कर फरार हुआ चालक
कार आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा टकराई और उसमें बुरी तरह फंस गई। इसके बाद ट्रेलर चालक कार को करीब छह किलोमीटर तक घसीटते हुए बिरनी थाना क्षेत्र के मंझिलाडीह गांव तक ले गया और वहां ट्रेलर छोड़कर फरार हो गया। वैगनआर सवार लोग सरिया थाना क्षेत्र के केशवारी से अपने गांव धनवार प्रखंड के गोरहंद लौट रहे थे। इसी दौरान निमाटांड़ के पास यह हादसा हुआ। घटना के बाद मंझिलाडीह गांव में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। बिरनी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य संभाला।


पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही बिरनी थाना प्रभारी आकाश सिंह भारद्वाज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कार ट्रेलर में इतनी बुरी तरह फंसी थी कि हथौड़े की मदद से उसे तोड़कर सवारों को बाहर निकालना पड़ा। हालांकि तब तक चालक महेश यादव दम तोड़ चुके थे। पुलिस ने दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बगोदर ट्रॉमा सेंटर भिजवाया
 

Tags - Giridih Road Accident Jharkhand News WagonR Accident Birni Police