द फॉलोअप डेस्क
8 नवंबर की रात्रि में गोड्डा पुलिस को अवैध गांजे की तस्करी के संबंध में एक महत्वपूर्ण गुप्त सूचना प्राप्त हुई। सूचना के अनुसार, गोड्डा टाउन से होते हुए पंजवारा (बिहार) की ओर एक मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति अवैध गांजा ले जा रहे थे। इस सूचना को वरीय पदाधिकारियों के संज्ञान में लाते हुए तत्काल सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई हेतु रात्रि गश्ती दल को गोड्डा-भागलपुर मुख्य मार्ग स्थित खटनाई चेकपोस्ट पर सघन चेकिंग करने का निर्देश दिया गया।
खटनाई चेकपोस्ट पर वाहन जांच शुरू की गई। जांच के दौरान, पुलिस पार्टी को देखकर एक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों ने अचानक वापस मुड़कर गोड्डा की ओर भागना शुरू कर दिया। पुलिस दल ने बिना देर किए मोटरसाइकिल का पीछा किया और आखिरकार गोखा पूल के पास डुमरिया में उन्हें घेरकर रोक लिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों अभियुक्तों, जिनकी पहचान श्यामलाल सोरेन और सुमन मांझी के रूप में हुई है, को सशस्त्र बल की सहायता से गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान, उक्त मोटरसाइकिल की सीट के ऊपर एक पीले रंग का प्लास्टिक का बोरा मिला। इसे खोलने पर उसके अंदर भूरे रंग के शैलो टेप से पैक किया हुआ अवैध गांजा पाया गया, जिसका कुल वजन 12 किलोग्राम था। पुलिस ने अवैध गांजे के साथ-साथ घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (बजाज पल्सर 125cc) और एक रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन भी विधिवत जब्त सूची बनाकर अपने कब्जे में ले लिया।
इस संबंध में गोड्डा मुफस्सिल थाना में कांड संख्या-190/2025, दिनांक 09.11.2025 को NDPS ACT 1985 की धारा 20/27(a)/29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों (श्यामलाल सोरेन और सुमन मांझी) के अलावा इस कांड में कांग्रेस मण्डल और बच्चू तिवारी उर्फ़ बाबा को भी नामजद किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस अवैध व्यापार में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अनुसंधान और छापेमारी जारी है।
