द फॉलोअप डेस्क
गोड्डा पुलिस ने सुन्दरपहाड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम घटियारी में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध शराब और नकली शराब बनाने की सामग्री जब्त की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 1400 लीटर स्प्रिट, 400 लीटर देशी शराब, 45 बोतल नकली शराब, विभिन्न कंपनियों के 15 बंडल लोगो, झारखंड सरकार के 3 बंडल लोगो, करीब 1000 पीस विभिन्न कंपनियों के ढक्कन, 1500 खाली बोतल, बाखर एक बोरा (लगभग 40 किलोग्राम), टेबलेट एक बोरा (लगभग 40 किलोग्राम), 40 किलोग्राम कच्चा महुआ, 1500 किलोग्राम जावा महुआ और अवैध शराब बनाने में प्रयुक्त अन्य सामग्री जब्त की। पुलिस अधीक्षक गोड्डा मुकेश कुमार के निर्देश पर अवैध शराब के विरुद्ध गोड्डा जिले भर में सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 31 जनवरी 2026 को गुप्त सूचना मिली कि चामू मंडल के घर पर भारी मात्रा में नकली शराब का निर्माण और बिक्री की तैयारी की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद वरीय पदाधिकारी को अवगत कराया गया।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक के आदेश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गोड्डा के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ग्राम घटियारी पहुंचकर छापेमारी की और अवैध शराब व संबंधित सामग्री जब्त की। उक्त मामले में सुन्दरपहाड़ी थाना कांड संख्या-06/2026, दिनांक 01 फरवरी 2026 को सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। कांड में संलिप्त व्यक्तियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार पर सख्ती जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
.jpg)