गढ़वा
गढ़वा में अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है. चोरों ने मंदिर में चढ़ाए गए सोने-चांदी के आभूषणों के साथ दानपेटी में रखी नगदी भी चोरी कर ली. मामले में मेराल थाना पुलिस जांच में जुट गई है और अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. जानकारी के अनुसार, मेराल थाना क्षेत्र स्थित चर्चित धार्मिक स्थल चेड़ी दाई धाम मंदिर में देर रात अज्ञात चोरों ने मंदिर के मुख्यद्वार का ताला तोड़कर प्रवेश किया. इसके बाद चोरों ने दानपेटी सहित मंदिर में रखे कीमती सामान और नगदी पर हाथ साफ कर दिया.
करीब 8 से 10 लाख रुपये की हुई चोरी
सुबह जब श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो मुख्यद्वार का टूटा ताला और बिखरा सामान देखकर हड़कंप मच गया. घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों का निरीक्षण करते हुए साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है. बताया जा रहा है कि चोर दानपेटी तोड़कर उसमें रखी नगदी लेकर फरार हो गए. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 8 से 10 लाख रुपये की चोरी हुई है. हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन मंदिर समिति द्वारा किया जा रहा है.
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग तेज
घटना के बाद मंदिर समिति के सदस्यों और ग्रामीणों में भारी नाराजगी है. लोगों ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं. चेड़ी दाई धाम मंदिर में हुई चोरी की घटना ने श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत किया है और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. वहीं, भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आश्वासन दिया गया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
