logo

ट्रांसपोर्ट नगर के संचालन और आवंटन प्रक्रिया में स्पष्टता लाये सरकारः चैंबर 

ट्रांसपोर्ट नगर के संचालन और आवंटन प्रक्रिया में स्पष्टता लाये सरकारः चैंबर 

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने ट्रांसपोर्ट नगर के अब तक चालू नहीं होनेपर  चिंता व्यक्त की है। साथ ही सरकार से ट्रांसपोर्ट नगर के संचालन और आवंटन प्रक्रिया में स्पष्टता लाने की मांग कीहै। चैम्बर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने परिवहन सचिव राजीव रंजन से से दूरभाष पर वार्ता कर ट्रांसपोर्ट नगर से जुड़ी समस्याओं एवं ट्रांसपोर्टरों की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की। चैम्बर अध्यक्ष ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर को विकसित करने का उद्देश्य शहर में परिवहन एवं मालवाहक वाहनों से संबंधित गतिविधियों को व्यवस्थित करना था, लेकिन इसके अब तक सुचारू रूप से चालू नहीं होने से ट्रांसपोर्टरों को अपेक्षित सुविधा नहीं मिल पा रही है। वहीं आवंटन प्रक्रिया एवं अन्य संबंधित विषयों को लेकर स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं होने से ट्रांसपोर्टरों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। 


ट्रांसपोर्ट नगर को जल्द चालू करना रांची के ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े लोगों के हित में आवश्यक है। आवंटन प्रक्रिया को लेकर जो भी असमंजस है, उसे दूर करते हुए स्पष्ट व्यवस्था बनाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही विभागीय सचिव से मिलकर पूरे मामले पर विस्तृत चर्चा की जाएगी तथा ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा। विदित हो कि ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं को देखते हुए कल भी चैम्बर अध्यक्ष ने मुख्य सचिव से वार्ता की थी। इस मुद्दे पर चैम्बर भवन में एक बैठक भी हुई। बैठक में चैम्बर अध्यक्ष तुलसी पटेल, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव अमित शर्मा, सह सचिव पूजा ढाढा, कार्यकारिणी सदस्य मोनिका गोयनका, सदस्य संतोष अग्रवाल और आलोक सिंह उपस्थित थे।

Tags - Chamber Jharkhand Transport Transport Nagar Operations