द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने 27 सितंबर को नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी से मुलाकात की। इस दौरान राज्यपाल ने आडवाणी से उनके हाल-चाल पूछे और उन्हें नवरात्रि की शुभकामनाएं दी। मुलाकात के दौरान दोनों के बीच आत्मीय बातचीत हुई। राज्यपाल ने आडवाणी के राजनीतिक अनुभव और देश के प्रति उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा, "आडवाणी जी का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा।" लाल कृष्ण आडवाणी ने भी राज्यपाल की बातों पर खुशी जताई और नवरात्रि के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, "नवरात्रि शक्ति और भक्ति का पर्व है, जो सभी को सकारात्मक सोच और समाज के लिए काम करने की प्रेरणा देता है।" उन्होंने राज्यपाल को आशीर्वाद देते हुए देश और समाज की सेवा में आगे भी निरंतर योगदान देने की बात कही।
