द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले में दो रिश्तों के बीच उलझी एक महिला का मामला चर्चा का विषय बन गया है। सदर थाना पहुंची महिला ने अपने पूर्व लिव-इन पार्टनर पर मारपीट, प्रताड़ना और रुपये छीनने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार रायडीह थाना क्षेत्र के डुमरटोली निवासी फुलसुंदरी कुमारी ने सदर थाना क्षेत्र के जोराडांड़ निवासी मिनाज नामक युवक से प्रेम विवाह किया था। दोनों करीब चार वर्षों तक साथ रहे और इस रिश्ते से एक बच्चा भी है। बाद में महिला मिनाज को छोड़कर गम्हरिया निवासी अजय महली के साथ रहने लगी। बताया जा रहा है कि दोनों करीब छह से सात वर्षों तक लिव-इन रिलेशन में रहे और उनके भी एक बच्चा है।

मारपीट और प्रताड़ना का आरोप
फुलसुंदरी कुमारी का आरोप है कि अजय महली अक्सर उसके साथ मारपीट करता था और जान से मारने व छोड़ देने की धमकी देता था। महिला ने दावा किया कि करीब एक साल पहले अजय ने बेरहमी से पिटाई कर उसका हाथ तक तोड़ दिया था। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर वह चार दिन पहले फिर से अपने पहले पति मिनाज के पास लौट आई।

रुपये छीनने का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
महिला के अनुसार गुरुवार देर शाम वह मिनाज के साथ शहर में बर्तन खरीदने आई थी। इसी दौरान काफी देर से पीछा कर रहे अजय महली ने सदर थाना के पास उसके हाथ से करीब 10 हजार रुपये छीन लिए और फरार हो गया। घटना के बाद महिला ने सदर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी है। वहीं अजय महली का कहना है कि महिला उसके साथ रहेगी या नहीं, इसका फैसला गांव के दरबार में होगा। पुलिस आवेदन के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।