logo

गुमला पुलिस ने नवनिर्मित भवन में चल रहे जुआ नेटवर्क का किया पर्दाफाश, 13 जुआरी गिरफ्तार

ीुन.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में गुमला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने भरदा गांव में छापेमारी कर एक संगठित जुआ नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में 13 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से भारी मात्रा में नगदी और एक वाहन बरामद किया गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम भरदा स्थित शिशम साहु के नवनिर्मित पक्का मकान में प्रतिदिन बड़े पैमाने पर जुआ खेला जाता है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। शुक्रवार की रात करीब 12:45 बजे पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी महेन्द्र कुमार करमाली के नेतृत्व में टीम ने सटीक रणनीति के तहत मकान की घेराबंदी की। अचानक हुई इस छापेमारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने मौके से जुआ खेल रहे 13 लोगों को दबोचा। वहीं तलाशी के दौरान पुलिस ने कई सामान बरामद किये, जिसमें 2,10,360 रुपए नगद राशि, एक सफेद रंग की बोलेरो और 16 पैकेट ताश शामिल हैं। बरामदगी की मात्रा से स्पष्ट है कि यह कोई साधारण खेल नहीं बल्कि एक संगठित सिंडिकेट था।
गिरफ्तार अभियुक्तों की उम्र 19 से 50 वर्ष के बीच है और वे जिले के विभिन्न क्षेत्रों के रहने वाले हैं। पकड़े गए आरोपियों में शिशम साहु, सहिन्द साहु, राजन साहु, कंचन उरांव, रमेश महली, फुलवीर भगत, असनी साहु, पंकज महतो, तबरेज अंसारी, ब्रजेश साहु, रविकांत भगत, अफताब अंसारी और किरानी साहु शामिल हैं। 
मामले की जानकारी शनिवार को एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने प्रेस वार्ता कर दी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में गुमला थाना में धारा 318(4)/319(2) BNS एवं 11 बंगाल जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रेस वार्ता के बाद सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand update gumla news gumla khabar gumla update