द फॉलोअप डेस्क
गुमला सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक बड़ी कार्रवाई की। एसपी गुमला हरीश बिन जमा ने बताया कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। गुरुवार से शुक्रवार की रात लगभग 2:00 बजे छापेमारी की गई, जिसमें बढ़ाइक मोहल्ला निवासी राहुल कुमार सिंह और उनके पिता राज किशोर सिंह उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार किया गया। शुक्रवार को दोनों को जेल भेज दिया गया। पुलिस पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी गांजा की खरीद-बिक्री में शामिल थे। एसपी हरीश बिन जमा ने बताया कि घर की तलाशी के दौरान एक पीछे के अल्बेस्टर में बने दो रूम वाले कैमरे में चार थैलों में टेप से लिपटा हुआ कुल 32 पैकेट गांजा बरामद किया गया। इस गांजे का कुल वजन लगभग 48 किलोग्राम था। इसके अलावा तलाशी के दौरान 39,280 रुपये नगद भी बरामद किए गए।
एसपी ने प्रेस वार्ता में बताया कि दोनों आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। उन्होंने कहा कि अगर यह गांजा पकड़ा नहीं जाता तो कई परिवारों को इसका बड़ा नुकसान होता। उन्होंने समाज में पैसे की लालच में इस तरह के कारोबार करने वालों की गंभीरता पर ध्यान दिलाया और कहा कि ऐसे कारोबार से समाज पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। एसपी ने बताया कि उन्होंने ऐसे कारोबार से जुड़े लोगों पर सख्ती से कार्रवाई का निर्देश दिया है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की कि यदि किसी के पास इस तरह की जानकारी हो तो पुलिस को गोपनीय रूप से सूचित करें। पुलिस इस जानकारी को पूरी तरह गुप्त रखेगी। गुमला जिले में लगातार पुलिस की कार्रवाई के बावजूद इस तरह के मामलों का होना चिंता का विषय है। एसपी ने कहा कि पुलिस तो कार्रवाई कर रही है, लेकिन जब तक समाज के लोगों का सहयोग नहीं मिलेगा, इस तरह के कारोबार करने वालों पर पूरी तरह विराम नहीं लगाया जा सकता।
.jpeg)