गुमला
गुमला थाना क्षेत्र के बरगांव बरवाटोली गांव में डायन-बिसाही के नाम पर एक बुजुर्ग परिवार को प्रताड़ित किए जाने का मामला सामने आया है। गांव निवासी 63 वर्षीय विजय गोप ने थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा उन्हें और उनके परिजनों को लगातार डायन-बिसाही कहकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।

मौत का जिम्मेदार ठहराने का आरोप
आवेदन में विजय गोप ने बताया कि गांव के महतो उरांव अपनी बेटी और नाती की पूर्व में हुई मौत के लिए उन्हें और उनके परिवार को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। आरोप है कि महतो उरांव लगातार विजय गोप और उनके पड़ोसी माडु सिंह व उनकी पत्नी लक्ष्मी देवी को बदनाम कर रहे हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि इस तरह के आरोपों से समाज में उनकी प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है और गांव में तनाव की स्थिति बनती जा रही है।

पंचायत में नहीं बनी बात, बढ़ा विवाद
मामले को गंभीर होते देख गांव में ग्राम सभा की बैठक बुलाई गई, जहां दोनों पक्षों को बुलाकर समझौता कराने की कोशिश की गई। ग्रामीणों ने डायन-बिसाही जैसी कुप्रथा को अंधविश्वास बताते हुए भविष्य में ऐसे आरोप नहीं लगाने की सलाह दी। हालांकि आरोप है कि पंचायत के दौरान महतो उरांव भड़क गए और ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने कथित तौर पर पंचायत की बात मानने से इनकार करते हुए जादू-टोना के जरिए बेटी की मौत होने की बात दोहराई।

पुलिस से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग
पंचायत विफल होने के बाद विजय गोप ने गुमला थाना में आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से सुरक्षा देने और आरोपी के खिलाफ सख्त कदम उठाने की गुहार लगाई है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बताया जा रहा है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।