logo

हेमंत सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर, अफसर कहते हैं हर महीना रिचार्ज कराना पड़ता है : बाबूलाल मरांडी

babu_2.jpeg

द फॉलोअप डेस्क 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने अपनी संकल्प यात्रा के द्वितीय चरण में जामताड़ा की जनसभा के साथ संथाल परगना के 18 विधानसभा क्षेत्र की जनसभा को संबोधित किया। मरांडी ने बारिश के बीच जनसभाओं में हजारों की संख्या में शामिल होकर उनकी बातों को सुनने केलिए संथाल परगना की जनता का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि जनता के स्नेह और समर्थन से संकल्प यात्रा अब जनसंकल्प यात्रा में बदल गयी है। मरांडी ने कहा कि झारखंड राज्य भाजपा नीत अटल सरकार की देन है। भाजपा राज्य गठन से लेकर राज्य के सर्वांगीण विकास केलिए समर्पित है। लेकिन अलग राज्य की लड़ाई का ढिंढोरा पीटने वाले झामुमो, कांग्रेस और राजद के लोगों ने क्या किया, यह जनता जानती है। ये झारखंड आंदोलन को बेचने और खरीदने वाले लोग हैं। शिबू सोरेन की तिहाड़ जेल जाने की कहानी झारखंड की जनता जानती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अलग राज्य भी दिया और गांव, गरीब, किसान को विकास की मुख्यधारा से भी जोड़ा। 60वर्षों तक कांग्रेस ने गांव में सड़क बिजली नहीं भेजी क्योंकि गांव में गरीब, दलित, पिछड़ा लोग रहते हैं। लेकिन अटल जी की सरकार ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से गांव में विकास की नई क्रांति ला दी। 

संथाली भाषा को 8वीं अनुसूची में जोड़ा
उन्होंने कहा कि अटल जी की सरकार ने संथाली भाषा को 8वीं अनुसूची में जोड़ा, आदिवासी मंत्रालय बनाए। और आज मोदी सरकार ने पिछले 9 वर्षों में गांव गरीब किसान के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाईं। आज केंद्र सरकार में आदिवासी समाज से आजाद भारत के इतिहास में पहली बार 8 मंत्री जनजाति समाज से हैं। भगवान बिरसा की जयंती 15 नवंबर को जनजाति गौरव दिवस घोषित हुआ। और आज भारत की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को बनाकर आदिवासियों का सम्मान बढ़ाया।

संथाल परगना में विकास की गाथा लिखी जा रही 
उन्होंने कहा कि संथाल परगना में विकास की गाथा लिखी जा रही है। दुमका का मेडिकल कॉलेज, देवघर में एम्स की स्थापना, एयरपोर्ट, साहेबगंज में बंदरगाह और गंगा पुल का निर्माण मोदी सरकार की देन है। कहा कि प्रधानमंत्री जी ने देश को कोरोना से केवल बचाया ही नहीं, मुफ्त टीकाकरण अभियान चलाया, किसी को भूखे नहीं सोना पड़े इसकी चिंता की। लॉक डाउन में गरीबों के खाते में पैसे भेजे, प्रति व्यक्ति 5 किलो अनाज भेजे जो आज तक मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुपचाप झारखंड को बर्बाद होते नही देख सकती। इसलिए जनता को सत्ता संपोषित भ्रष्टाचार, अपराध और तुष्टिकरण से मुक्ति दिलाने का संकल्प लेकर यह संकल्प यात्रा चली है।  उन्होंने जनता से भाजपा को सहयोग करने की अपील की। मरांडी ने आह्वान किया कि 2024 में भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का एवम राज्य से भ्रष्ट, निकम्मी विकास विरोधी हेमंत सरकार को उखाड़ फेंकते हुए भाजपा के नेतृत्व में मजबूत सरकार बनाने का संकल्प लें।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N