द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग की खूबसूरत वादियां एक बार फिर फिल्म मेकर्स की पहली पसंद बन चुकी हैं। इसी कड़ी में "फिरे आये" नामक एक भावनात्मक ड्रामा बंगाली फिल्म की शूटिंग इन दिनों हजारीबाग में की जा रही है। फिल्म के कलाकार और निर्देशक बंगाल और त्रिपुरा से हजारीबाग पहुंचे हैं। शूटिंग के दौरान यहां की नैसर्गिक सुंदरता और लोकेशन की उन्होंने जमकर तारीफ़ की। कलाकारों का कहना है, "इतने कम बजट में इतना प्राइम लोकेशन शायद कहीं और देखने को नहीं मिलेगा।"
उन्होंने न केवल झारखंड की खूबसूरती की तारीफ की बल्कि झारखंड सरकार के प्रति भी आभार जताया। कलाकारों और डायरेक्टर ने बताया कि प्रशासन और सरकार की ओर से उन्हें हर तरह का सहयोग मिला, जो दूसरे राज्यों में शायद ही देखने को मिलता है। यहां न तो अतिरिक्त टैक्स की दिक्कत है और न ही किसी प्रकार की बाधा। कलाकारों ने झारखंड के लोगों की भी सराहना करते हुए कहा “यहां के लोग बेहद मिलनसार, सहयोगी और कुशल हैं। उनकी मदद से हमें शूटिंग के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।”
फिल्म की टीम ने देश के फिल्म निर्माताओं और निर्देशकों को संदेश देते हुए कहा कि “जो भी लोग कम बजट में बेहतरीन लोकेशन की तलाश कर रहे हैं, उन्हें झारखंड जरूर आना चाहिए। यहां की प्राकृतिक सुंदरता किसी भी बड़े बजट की फिल्म को शानदार पृष्ठभूमि दे सकती है।” यह शूटिंग एक बार फिर साबित करती है कि झारखंड फिल्मों के लिए नया हब बनकर उभर रहा है।
.jpeg)