logo

MMDR विधेयक पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू का हमला, बोले- खनिज संपदा किसी राज्य की बपौती नहीं

MMDR विधेयक पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू का हमला, बोले- खनिज संपदा किसी राज्य की बपौती नहीं

हजारीबाग: 
हजारीबाग परिसदन में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने एमएमडीआर (खान एवं खनिज विधेयक संशोधन 2026) को लेकर प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार के विधेयक का जोरदार बचाव किया और राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए।

कोयला चोरी और टैक्स चोरी को लेकर राज्य सरकार पर निशाना
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार कोयले की चोरी करती और करवाती है। उन्होंने कहा कि अब यह व्यवस्था नहीं चलेगी। उन्होंने राज्य सरकार पर टैक्स चोरी के लिए नए-नए हथकंडे अपनाने और जनता को भ्रमित करने का भी आरोप लगाया।

खनिज संपदा के दोहन पर केंद्र की भूमिका का बचाव
एमएमडीआर विधेयक की वकालत करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश के अलग-अलग राज्यों में मौजूद खनिज संपदा किसी एक राज्य की बपौती नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देश की खनिज संपदा के दोहन और उसके प्रबंधन को लेकर अपनी भूमिका निभा रही है। किसी भी राज्य को खनिज संपदा का मनमाना दोहन करने की खुली छूट नहीं दी जा सकती।

गठबंधन सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप
आदित्य साहू ने हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के खिलाफ लगातार भ्रष्टाचार के सवाल उठते रहे हैं। अब सरकार विभिन्न योजनाओं को लेकर जनता के बीच भ्रम की स्थिति पैदा कर रही है।

मंईयां सम्मान योजना को लेकर सरकार पर हमला
मंईयां सम्मान योजना को लेकर भी आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोगों को यह कहकर दिग्भ्रमित कर रही है कि केंद्र सरकार मंईयां सम्मान योजना को बंद करवाने में लगी हुई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस तरह के आरोपों के जरिए राजनीतिक मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है।

प्रेसवार्ता में भाजपा के कई नेता रहे मौजूद
प्रेसवार्ता में बरही विधायक मनोज कुमार यादव, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, बरकट्ठा विधायक अमित यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह, ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अमरदीप यादव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आनंद देव, शेफाली गुप्ता समेत पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Tags - Hazaribagh News Aditya Sahu MMDR Amendment Bill Jharkhand BJP Hemant Soren Government