logo

हजारीबाग में कोल परियोजना के वाहनों पर फायरिंग, राहुल दुबे गैंग ने ली जिम्मेदारी

maha1.jpg

द फॉलोअप डेस्क

हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र स्थित चंद्रगुप्त कोल परियोजना में कार्यरत सुश्री इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी के वाहनों पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई है। घटना के बाद सोशल मीडिया पर जारी एक कथित प्रेस बयान में कुख्यात राहुल दुबे गैंग ने हमले की जिम्मेदारी ली है। गैंग की ओर से जारी बयान में दावा किया गया है कि सोमवार रात करीब 10 बजे उनके सदस्यों ने इस वारदात को अंजाम दिया। फायरिंग की घटना के बाद परियोजना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं सामने आई हैं। वहीं, कोयला क्षेत्रों में सक्रिय आपराधिक गिरोहों और रंगदारी से जुड़े मामलों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ऐसे गिरोहों के खिलाफ समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र में अपराध की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।

जांच में जुटी पुलिस, आरोपियों की तलाश जारी

घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित बयान की भी सत्यता की पड़ताल की जा रही है। केरेडारी थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडे ने बताया कि फायरिंग की घटना हुई है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

 

Tags - Hazaribagh Jharkhand Crime Coal Project Rahul Dubey Gang