द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग जिले के गिद्दी ए परियोजना क्षेत्र में शनिवार शाम बाइक सवार अपराधियों ने एक वाहन को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में हाईवा के खलासी करण कुमार के दोनों पैरों में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पहले गिद्दी सीसीएल अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। घटनास्थल से एक धमकी भरा पर्चा भी बरामद हुआ है, जिसमें कथित तौर पर राहुल दुबे गैंग की ओर से घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पर्चे में आनंद जैन को मैनेज करने की धमकी देते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई है।

वाहन चालक अनुज के अनुसार, एक बाइक पर सवार तीन युवक क्रशर के पास पहुंचे। उन्होंने पहले खलासी को एक पर्चा थमाया और इसके तुरंत बाद गोलियां चलानी शुरू कर दीं। फायरिंग में करण कुमार के दोनों पैरों में गोली लगी। घटना की सूचना मिलते ही गिद्दी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में वाहन जांच अभियान चलाया है और घटनास्थल के पास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

गिद्दी थाना प्रभारी मो. इकबाल हुसैन ने बताया कि घटनास्थल से मिले धमकी भरे पर्चे सहित सभी साक्ष्यों को जब्त कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान में जुटी है तथा संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है। फायरिंग के बाद गिद्दी ए परियोजना में कार्यरत कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के बीच दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे की वास्तविक वजह और धमकी भरे पर्चे के संबंध की हर पहलू से जांच की जा रही है।