logo

हजारीबाग में हुए दुष्कर्म पर कांग्रेस का BJP पर पलटवार, कहा- राजनीति करना निंदनीय है

RAKESH_SINHA1.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

हजारीबाग में हुई दुष्कर्म की दर्दनाक घटना पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बयान को लेकर कांग्रेस ने तीखा पलटवार करते हुए कहा है कि ऐसी संवेदनशील घटनाओं पर राजनीति करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। प्रदेश कांग्रेस के महासचिव सह मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि बीजेपी को पहले अपनी सरकारों में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर आत्ममंथन करना चाहिए, बजाय इसके कि वह हर घटना का राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करे। उन्होंने कहा कि दुष्कर्म जैसी जघन्य घटनाएं समाज पर कलंक हैं और इनके खिलाफ सभी दलों को एकजुट होकर सख्त कदम उठाने चाहिए। लेकिन बीजेपी इस मुद्दे पर भी राजनीतिक रोटियां सेंकने से बाज नहीं आ रही है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जहां-जहां बीजेपी की सरकारें हैं, वहां महिलाओं के खिलाफ अपराध के आंकड़े लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन इन मामलों पर बीजेपी की चुप्पी साफ दिखाई देती है।

कांग्रेस ने यह भी कहा कि हज़ारीबाग की घटना अत्यंत दुखद है और पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय मिलना चाहिए। इसके लिए राज्य सरकार और प्रशासन पूरी गंभीरता से काम कर रही है। दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। कांग्रेस ने बीजेपी को नसीहत देते हुए कहा कि वह इस मुद्दे पर राजनीति छोड़कर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी हो और न्याय की प्रक्रिया को मजबूत करने में सहयोग करे। वहीं कांग्रेस ने यह भी कहा कि महिलाओं की सुरक्षा एक सामूहिक जिम्मेदारी है और इसे राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का विषय नहीं बनाना चाहिए। समाज और सभी राजनीतिक दलों को मिलकर ऐसा माहौल बनाना होगा, जहां महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा की पूरी गारंटी हो सके।

Tags - Hazaribagh rape incident BJP state president Aditya Sahu statement Congress backlash sensitive crime politics Rakesh Sinha statement law and order criticism political benefit accusation heinous crime