हजारीबाग
हज़ारीबाग़ शहर के रहने वाले आकाश जैन को NTA यानी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी में जॉइंट डायरेक्टर की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है. देश की सबसे बड़ी परीक्षाओं में शामिल NEET जैसी राष्ट्रीय परीक्षा के संचालन और निगरानी में अब उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहने वाली है. आकाश जैन का घर हज़ारीबाग़ शहर के झंडा चौक के पास स्थित है. उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई संत जेवियर्स स्कूल, हजारीबाग से की. वर्ष 2002 में उन्होंने 10वीं की परीक्षा डिस्टिंक्शन के साथ पास की थी. इसके बाद वर्ष 2004 में 12वीं की परीक्षा में 95 प्रतिशत अंक लाकर स्टेट टॉपर बने थे.
साल 2013 में UPSC पास कर बने थे IRS ऑफिसर
स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद आकाश जैन ने दिल्ली के प्रतिष्ठित श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से बी.कॉम (ऑनर्स) की पढ़ाई की. इसके बाद उन्होंने विनोबा भावे विश्वविद्यालय से एम. कॉम किया, जिसमें वे गोल्ड मेडलिस्ट रहे. उन्होंने यूगीसी दिल्ली से NET और JRF भी क्वालिफाई किया तथा बाद में एमबीए (ऑनर्स) की डिग्री हासिल की. वर्ष 2013 में आकाश जैन ने UPSC परीक्षा पास कर IRS जॉइन किया. इसके बाद उन्होंने आयकर विभाग और ED में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया. वर्ष 2015 से 2018 तक वे मुंबई में आयकर विभाग में सहायक आयुक्त रहे. इसके बाद डीसी के रूप में भी सेवाएं दीं.
ED के उप निदेशक भी रह चुके है आकाश
वर्ष 2019 से 2023 तक आकाश जैन ने ED में उप निदेशक के रूप में कोलकाता और त्रिपुरा में कार्य किया. इस दौरान उन्होंने कई मामलों को संभाला. इसके बाद वे संयुक्त आयुक्त आयकर, कोलकाता के पद पर भी रहे. जुलाई 2024 से नवंबर 2025 तक आकाश जैन ने दिल्ली में प्रणाली निदेशालय में संयुक्त निदेशक आयकर के रूप में कार्य किया. वहीं 5 दिसंबर 2025 से उन्होंने कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के तहत राष्ट्रीय भर्ती एजेंसी में सचिव के रूप में पदभार संभाला.
NEET पेपर लीक के बीच आकाश को मिली बड़ी जिम्मेदारी
अब उन्हें नेशनल टेस्टिंग एजेंसी में जॉइंट डायरेक्टर की जिम्मेदारी मिली है. खास बात यह है कि यह जिम्मेदारी ऐसे समय में मिली है जब NEET 2026 पेपर लीक मामले को लेकर NTA लगातार सुर्खियों में है और परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं. ऐसे में हज़ारीबाग़ के इस युवा अधिकारी से उम्मीद की जा रही है कि उनके प्रशासनिक अनुभव और सख्त कार्यशैली से परीक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा. शहर के लोगों में भी इसे लेकर गर्व और खुशी का माहौल देखा जा रहा है.
