logo

हजारीबाग को BCCI की कूच बिहार ट्रॉफी की मेजबानी, संजय सिंह क्रिकेट स्टेडियम में झारखंड-केरल में मुकाबला

hzbooo.jpg

द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। पहली बार हजारीबाग को बीसीसीआई के घरेलू कूच बिहार ट्रॉफी की मेजबानी मिली है। झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) के मानद सचिव सौरभ तिवारी ने पत्र के माध्यम से इसकी पुष्टि की है। यह ऐतिहासिक मैच 8 से 11 दिसंबर 2025 के बीच संजय सिंह क्रिकेट स्टेडियम, हजारीबाग में झारखंड और केरल के बीच खेला जाएगा।

जेएससीए के अनुसार, बीसीसीआई ने हाल ही में झारखंड में क्रिकेट टूर्नामेंटों के उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए जेएससीए की सराहना की है। इसी के तहत जेएससीए को 2025-26 सीजन के लिए कुल 77 मैचों की मेजबानी का जिम्मा सौंपा गया है, जिसमें से पहला मैच हजारीबाग को मिला है।
जेएससीए ने हजारीबाग जिला क्रिकेट एसोसिएशन से अनुरोध किया है कि मैच के सुचारू संचालन के लिए स्टेडियम को समय पर तैयार किया जाए। पत्र में विशेष रूप से पिच, आउटफील्ड, साइड स्क्रीन, पिच कवर, रोलर, खिलाड़ियों के ड्रेसिंग रूम और अन्य सुविधाओं को मैच से कम से कम 15 दिन पहले पूरी तरह से तैयार रखने के लिए कहा गया है।

यह हजारीबाग के लिए एक बड़ा अवसर है क्योंकि इससे यहां के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर का अनुभव मिलेगा और शहर का नाम क्रिकेट के मानचित्र पर उभरेगा। इस बड़ी उपलब्धि पर हजारीबाग जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष सह स्थानीय सांसद मनीष जायसवाल ने खुशी जताते हुए कहा कि हमारा वर्षों का सपना साकार होने जा रहा है। उन्होंने संघ के पूर्व सचिव स्व. संजय सिंह को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने जिस शिद्दत से इस मैदान को तैयार किया और हजारीबाग जैसे छोटे शहर में बीसीसीआई के मैच की मेजबानी का सपना देखा था, वह साकार होने जा रहा है।
संघ के सचिव बंटी तिवारी ने कहा कि हम तैयारी में जुट गए हैं और निश्चित रूप से हमें इतने बड़े मैच की मेजबानी कर अत्यंत खुशी होगी। बीते 17 जुलाई 2025 को बीसीसीआई के अधिकारियों की एक टीम ने संजय सिंह क्रिकेट स्टेडियम का निरीक्षण कर जायजा लिया था और बीसीसीआई के मैच के लिए इस स्टेडियम को सक्षम बताया था।


 

Tags - hazaribagh News updates latest jharkhand news jharkhand Cricket news hazaribagh Sanjay Singh Cricket Stadium latest jharkhand News jharkhand updates Bihar trophy latest news jharkhand News updates latest updates jharkhand News jharkhand news upd