द फॉलोअप डेस्क
रमजान के मुकद्दस महीने की समाप्ति के बाद शनिवार को ईद-उल-फितर के मौके पर जमशेदपुर पूरी तरह जश्न और रूहानियत में डूबा नजर आया। सुबह से ही शहर के ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। हर ओर इबादत, अमन और भाईचारे की दुआओं के साथ ईद मुबारक की गूंज सुनाई देती रही। इस दौरान ईद-उल-फितर पूरे उल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। इसके साथ ही शहर के विभिन्न इलाकों में सुबह से ही ईद की रौनक देखने को मिली। नमाजियों ने अमन-चैन, तरक्की और देश में भाईचारे की मजबूती के लिए विशेष दुआएं मांगीं। मानगो स्थित ईदगाह मैदान और मदीना मस्जिद से लेकर साकची की जामा मस्जिद, आमबागान, गोलमुरी, बिष्टुपुर के कबीरिया ईदगाह मैदान, धातकीडीह, जुगसलाई और टेल्को समेत शहर के सभी प्रमुख नमाज स्थलों पर सुबह निर्धारित समय पर ईद की नमाज अदा की गई। नमाज के दौरान मुल्क में शांति, तरक्की, भाईचारे और इंसानियत की बेहतरी के लिए खास दुआएं मांगी गईं।
.jpg)
नमाज के बाद का दृश्य अपने आप में सौहार्द की मिसाल बना रहा। नमाजियों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी रिश्तों की गर्माहट को और मजबूत किया। समाज के हर तबके के लोग एक साथ नजर आए, जिससे सामाजिक एकता और समरसता की झलक साफ दिखाई दी। छोटे-बड़े, अमीर-गरीब सभी वर्गों के लोगों ने मिलकर इस त्योहार को सामाजिक सौहार्द और एकता के प्रतीक के रूप में मनाया। मुस्लिम बहुल इलाकों में दिनभर चहल-पहल रही, बाजारों और गलियों में रौनक देखते ही बन रही थी। इस दौरान ईद को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। नये कपड़े पहनकर बच्चे सुबह से ही ईदगाह और मस्जिदों के बाहर खुशियां बांटते नजर आये। वहीं, परिवारों में सेवइयों और पकवानों की खुशबू ने त्योहार की मिठास को और बढ़ा दिया। लोग अपने रिश्तेदारों, दोस्तों और पड़ोसियों के घर जाकर मुबारकबाद देते रहे। ईद के इस मौके पर न सिर्फ मुस्लिम समुदाय, बल्कि अन्य समुदायों के लोग भी एक-दूसरे को बधाई देते नजर आए, जिसने तहजीब की खूबसूरती को उजागर किया।

वहीं, ईद को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। शहर के सभी प्रमुख ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये थे। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की विशेष रूप से तैनाती की गई थी और प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये है। इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी में जुटे रहे, जिससे पूरे शहर में त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।