logo

झारखंड के इन 10 जिलों में लू का अलर्ट, संताल में पारा 40 पार; 7 अप्रैल से बारिश

तदद2.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
मौसम केंद्र का पूर्वानुमान है कि चार अप्रैल से झारखंड के कई हिस्सों में लू चलेगी. इसको लेकर मौसम केंद्र ने येलो अलर्ट जारी किया है. केंद्र के अनुसार, चार से छह अप्रैल तक कोल्हान प्रमंडल, संताल और उत्तरीछोटनागपुर के 10 जिलों में लू चल सकती है। अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी। इससे इन जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेसि के पार रह सकता है। गर्म हवा चल सकती है। लोगों को लू से सतर्क रहने की अपील की गई है। शेष हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेसि से नीचे रह सकता है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा कि झारखंड में अगले तीन दिनों के दौरान संताल और कोल्हान में लू का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की वृद्धि होने का पूर्वानुमान है।


गर्मी से नहीं मिलेगी राहत 
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में मौसम पूरी तरह साफ है। इसके साथ ही पछुआ का रुख झारखंड की ओर है। तापमान सामान्य से अधिक है। इससे अगले दो से तीन दिनों के दौरान कड़ी धूप और गर्म हवा से ताममान में दो से तीन डिग्री और वृद्धि के आसार हैं। इसलिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। सात और आठ को राज्य के कुछ हिस्सों में गरज और तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। लेकिन गर्मी से राहत ना के बराबर मिलेगी। छह अप्रैल के बाद बंगाल की खाड़ी से हल्के स्तर पर आनेवाली हवा के कारण मौसम बदलेगा। बुधवार को पाकुड़ का तापमान 40.7 डिग्री और गोड्डा का 40.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर का 39.8 और मेदिनीनगर का 39.4 डिग्री दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान रांची का अधिकतम तापमान दो डिग्री वृद्धि के साथ 36.6 पर पहुंच गया।


7 अप्रैल को बारिश और तेज हवा का अलर्ट
हालांकि, 7 अप्रैल को राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने बताया है कि राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में उस दिन 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। साथ ही, वज्रपात के साथ बारिश होने का भी अलर्ट जारी किया गया है। 6 अप्रैल की शाम को रांची में कुछ देर के लिए बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।
 

Tags - weather news weather jharkhand rain in jharkhand jharkhand me barish tempreture crosses 40 rain from 7 april