logo

झारखंड में 27 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट, जानें आपके जिले का हाल

weather_jharkhand_78781.jpg

रांची 
उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे इलाकों में बने लो प्रेशर एरिया के प्रभाव से झारखंड में एक बार फिर मानसून पूरी तरह सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होती रहेगी। वहीं, 24 से 27 अगस्त के बीच राज्य के अधिकतर हिस्सों में भारी बारिश, गर्जन और वज्रपात की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
24 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश
24 अगस्त को राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्से के पलामू, गढ़वा और लातेहार, दक्षिण-पश्चिमी हिस्से के गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम तथा मध्य क्षेत्र के लोहरदगा और खूंटी में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। राज्य के अन्य हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।
25 अगस्त को दक्षिण-पश्चिमी जिलों में असर
25 अगस्त को गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम और आसपास के मध्य भाग, विशेषकर खूंटी में भारी बारिश का अनुमान है। अन्य जिलों में तेज हवा के साथ मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।
26 अगस्त को कई हिस्सों में भारी बारिश
26 अगस्त को उत्तर-पश्चिमी, दक्षिण-पश्चिमी और मध्य झारखंड में भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान कई इलाकों में गरज के साथ वज्रपात भी हो सकता है। मौसम विभाग ने इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
27 अगस्त को रांची समेत इन जिलों में चेतावनी
27 अगस्त को रांची, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा और धनबाद के अलावा चतरा एवं गिरिडीह में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। खास तौर पर रांची में भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
28 और 29 अगस्त को भी बारिश जारी
28 और 29 अगस्त को भी राज्य के अनेक स्थानों पर गरज के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान भी कई इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं।
30 अगस्त के बाद मौसम में सुधार
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 30 अगस्त के बाद राज्य में बारिश की गतिविधियों में कमी आने और आसमान के धीरे-धीरे साफ होने की संभावना है। फिलहाल अगले कुछ दिनों तक लोगों को बारिश और वज्रपात को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Tags - Jharkhand Weather Jharkhand Monsoon Heavy Rain Ranchi Weather Weather Alert