नंदलाल तुरी
शहर में नो एंट्री के दौरान भी भारी वाहनों का आवागमन जारी है। इसके खिलाफ आज सुबह 7 बजे हाटपाड़ा इंदिरा चौक के पास शहरवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया। आरोप है कि सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक और फिर 4 बजे से रात 10:30 बजे तक नो एंट्री होने के बावजूद भारी वाहन बिना किसी रोक-टोक के चल रहे हैं। वाहन न केवल तेज गति से चलते हैं, बल्कि इसके साथ ही मनमानी भी की जा रही है, जिससे आम आदमी, स्कूली बच्चे और राहगीरों को भारी परेशानी हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार डंपर जैसे भारी वाहन स्कूली बच्चों के करीब से तेज़ी से गुजरते हैं, जिसके कारण बच्चों को दुर्घटना का खतरा रहता है। हालात इतने बिगड़ गए कि लोगों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत किया और जाम हटवाया।
