logo

हैलो… निर्वाचन कार्यालय से बोल रहे हैं, अपना आधार, एटीएम, पैन कार्ड नंबर दें, जानें फिर क्या हो रहा

0117.jpg

द फॉलोअप डेस्क
हैलो… जिला निर्वाचन कार्यालय से बोल रहे हैं, अपना आधार, एटीएम, पैन कार्ड नंबर दें। जो लिंक भेजा जा रहा है उसे इंस्टॉल करें… रांची के बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) को इन दिनों इस प्रकार के कॉल जा रहे हैं। मतलब बीएलओ को साइबर ठगों ने अपना निशाना बनाया है। दरअसल साइबर ठग लोगों को ठगने के नए-नए तरीके ढूंढते रहते हैं। इसके तहत रांची जिला में साइबर अपराधी अब बूथ लेवल ऑफिसर से ठगी करने के प्रयास में हैं। साइबर अपराधियों द्वारा फ्रॉड कॉल कर बीएलओ से बैंक, एटीएम, आधार एवं ओटीपी से संबंधित जानकारी प्राप्त करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उनके बैंक अकाउंट से पैसों की निकासी की जा सके। जानकारी के अनुसार कुछ लोग साइबर ठगों के झांसे में भी आ गए हैं।

बीएलओ की सर्तकता से खुला पोल
साइबर अपराधियों द्वारा मोबाइल नंबर 9387599045, 9504347177, 9748107183, 9387599045, 7381446188, 8969119824 से कई बीएलओ को कॉल किया गया है। खुद को ज़िला निर्वाचन कार्यालय का कर्मी और डाटा ऑपरेटर बता कर अपराधी ने बीएलओ से बैंक, एटीएम, आधार एवं ओटीपी की जानकारी मांगी। जानकारी के अनुसार एक बीएलओ ने सर्तकता दिखाते हुए फौरन संबंधित कार्यालय के कर्मचारी को कॉन्फ्रेंस कॉल में लिया। जिसके बाद साइबर अपराधी की पोल खुल गई।

AnyDesk ऐप इंस्टॉल करने के लिए भेज रहे लिंक
साइबर अपराधियों द्वारा ठगी के लिए
AnyDesk App इंस्टॉल करने के लिए लिंक भी भेजा जा रहा है। लिंक पर क्लिक कर ऐप इंस्टॉल करने और ओटीपी प्राप्त करने के बाद मोबाइल का एक्सेस साइबर अपराधी करने लगते हैं और फिर साइबर ठगी को अंजाम देते हैं।

बैंक, आधार, पैन कार्ड से संबंधित जानकारी न करें शेयर- डीसी
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी राहुल कुमार सिन्हा ने सभी बीएलओ को सर्तक रहने कहा है। उन्होंने कहा कि बैंक, आधार, पैन कार्ड से संबंधित जानकारी शेयर न करें। अगर साइबर अपराधियों द्वारा बैंक खाता, आधार, पैन कार्ड से संबंधित जानकारी या बैंक खाते से पैसों की निकासी की जाती है तो फौरन अपने एईआरओ या ईआरओ को लिखित में शिकायत करें। डीसी ने रांचीवासियों को भी साइबर फ्रॉड से बचने के लिए अपने बैंक आधार व पैनकार्ड आदि से संबंधित जानकारी शेयर नहीं करने की अपील की है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करेंhttps://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT