logo

नामांकन के बाद हेमंत सोरेन ने कहा- बेबी देवी को वोट कर टाइगर जगरनाथ महतो को सच्ची श्रद्धांजलि देगी डुमरी की जनता

cmhemantdumri.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची 
डुमरी उपचुनाव में नामांकन के बाद जनता को संबोधित करते हुए हेमंत सोरेन ने भाजपा-आजसू पर जम कर निशाना साधा। उन्होंने कहा की 20 साल भाजपा-आजसू ने झारखण्ड में राज किया। इन्होंने राज्य में डबल इंजन सरकार भी चलाई। और ऐसी चलाई कि झारखंड को देश का सबसे पिछड़ा राज्य बना दिया। इन्होंने योजनाबद्ध तरीके से इस राज्य को खोखला करने का काम किया। 

भाजपा-आजसू का काम केवल फूट डालो और राजनीति करो  

उन्होंने कहा भाजपा और आजसू का काम सिर्फ फूट डालो और राज करो करना है। यह लोग सिर्फ डर और भय की राजनीति करना जानते हैं। लोगों को आपस में लड़ाकर ही यह अपनी राजनैतिक रोटी सेकते हैं। इन्हें झारखंडवासियों से कोई सरोकार नहीं है, इन्हें प्यार है तो सिर्फ सत्ता से। येन-केन प्रकारेण यह सिर्फ उसी के लिए षड्यंत्र रचते रहते हैं। आज मैं आपको कोई उपलब्धि गिनाने नहीं आया हूं। राज्य के लाखों जरूरतमंदों को उनका हक-अधिकार मिल रहा है, वही मेरी उपलब्धि है। और इसी कार्य में मैं निरंतर लगा हुआ हूं। आज गांव-गांव में बुजुर्ग, विधवा, दिव्यांग आदि को हर महीने पेंशन की राशि मिल रही है। पहले कभी भी अधिकारी आपके गांव, आपको अधिकार देने नहीं आते थे। हमने अधिकारियों को आपको अधिकार देने के लिए आपके पास भेजा। हम राज्य को व्यवस्थित ढंग से आगे ले जा रहे हैं।

बेबी देवी को वोट कर टाइगर जगरनाथ महतो को श्रद्धांजलि देगी डुमरी की जनता 

झारखंडवासियों के साथ हमेशा उपेक्षा हुई है। इसलिए हमारे पूर्वजों ने जल-जंगल-जमीन की लड़ाई लड़ी। चाहे वो भगवान बिरसा मुंडा, वीर शहीद सिदो-कान्हू, निर्मल महतो या बिनोद बिहारी महतो जी हों, अनेक ऐसे क्रांतिकारी लोगों ने लड़ाई लड़ी। उन्हीं की सोच और संघर्ष को आदरणीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी ने लंबी लड़ाई लड़कर मुकाम तक पहुंचाया, और हमें हमारे पुरुखों की बदौलत अलग राज्य मिला। आगामी उपचुनाव में बेबी देवी जी को विजयी बनाकर स्व.टाइगर जगरनाथ महतो जी को सच्ची श्रद्धांजलि देने का काम डुमरी विधानसभा की जनता करेगी।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N