द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की तबीयत फिर बिगड़ने के बाद उन्हें रांची के लेक व्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अचानक स्वास्थ्य खराब होने और सांस लेने में परेशानी की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज शुरू किया गया। हैदराबाद से रांची लौटने के बाद उनकी तबीयत दोबारा बिगड़ी है। अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, फिलहाल रूपी सोरेन की हालत स्थिर है और उनका उपचार जारी है।

डॉक्टरों से मिले मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य की ली जानकारी
शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी मां का हाल जानने लेक व्यू अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और रूपी सोरेन का इलाज कर रहे विशेषज्ञ चिकित्सकों से मुलाकात कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों से चल रहे इलाज, स्वास्थ्य में सुधार और रिकवरी की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी हासिल की। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर भी बातचीत की।