logo

संजय सिंह ही क्यों, निशाना तो मुझपर भी है; ED की कार्रवाई पर बोले हेमंत सोरेन

a401.jpeg

रांची:

कैबिनेट की मीटिंग के बाद प्रोजेक्ट बिल्डिंग में मीडिया से मुखातिब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिल्ली में आप सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि संजय सिंह ही क्यों, निशाना तो मुझपर भी है। विपक्ष के साथी तो कहते रहते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कई और लोग भी लाइन में हैं। केंद्रीय एजेंसियों का सहयोग खास राजनीतिक हितों को साधने के लिए लिया जा रहा है।

 

आदिवासी जमीन लेकर क्या करूंगा!
जमीन घोटाला केस में ईडी के समन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आप जानते हैं कि मै किस समाज से आता हूं। मैं आदिवासी नौजवान हूं। आदिवासी संपत्तियों के बारे में आप जानते हैं कि उसकी खरीद बिक्री नहीं हो सकती। व्यावसायिक इस्तेमाल नहीं हो सकता। बैंक लोन नहीं देती। ऐसी संपत्ति लेकर मैं क्या करूंगा। मुझपर बेनामी संपत्ति अर्जित करने का आरोप विपक्ष के साथी लगाते हैं। अजीब स्थिति है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का एकमात्र उद्देश्य है। आदिवासियों को रोको। 

विपक्षी नेताओं पर ईडी का प्रवक्ता होने का आरोप
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर केंद्रीय एजेंसियों के प्रवक्ता की भूमिका निभाने का आरोप लगाया। उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया लेकिन संभवत उनका इशारा प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे की ओर था। दरअसल, निशिकांत दुबे कई मौकों पर ईडी की कार्रवाई पर सार्वजनिक बयान दे चुके हैं वहीं संकल्प यात्रा के दौरान बाबूलाल मरांडी ने ईडी के समन पर मुख्यमंत्री के नहीं हाजिर होने को लेकर खूब तंज किया है। जेल जाने की बातें कही। 

लोकतंत्र हर 5 साल में ताकत दिखाने का मौका देता है
सीएम सोरेन ने कहा कि आरोप लग रहे हैं। ठीक है। लोकतंत्र हर 5 साल में जनता को उसकी ताकत दिखाने का मौका देती है। वह वक्त भी जल्द ही आने वाला है। चुनाव के मैदान में आमने-सामने की लड़ाई होगी तो जवाब दिया जाएगा।