logo

रांची-टाटा मुख्य मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, दो की मौत, एक घायल

gaadi1.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

रांची-टाटा मुख्य मार्ग पर तमाड़ थाना क्षेत्र के रड़गांव के पास सोमवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में जमशेदपुर के गोलमुरी निवासी 25 वर्षीय रितु राज कुमार और 20 वर्षीय जान्हवी कुमारी शामिल हैं, जबकि रितु राज की बहन रोहिणी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, तीनों लोग वैगनआर कार में सवार होकर जमशेदपुर से रांची एक शादी समारोह में गए थे और सुबह वापस जमशेदपुर लौट रहे थे। इसी दौरान रड़गांव के पास कार ने खड़ी ट्रेलर में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई और तीनों लोग कार में फंस गए।
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तमाड़ पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को कार से बाहर निकाला। रितु राज और जान्हवी कुमारी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि रोहिणी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गई। थाना प्रभारी रोशन झा ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर रोहिणी सिंह को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां उसे प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि रोहिणी की हालत गंभीर है।
थाना प्रभारी रोशन झा ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और मृतकों के शवों को बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ था। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
यह हादसा रांची-टाटा मुख्य मार्ग पर लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की ओर भी इशारा करता है, जहां सड़क सुरक्षा को लेकर और सावधानी बरतने की जरूरत है।
 

Tags - RANCHITATAJAMSHEDPURROADACCIDENTLATESTNEWSACCIDENT