द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर शहर के अलग-अलग इलाकों में लगातार हो रही गृहभेदन की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सिटी एसपी कुमार शिवाशीष को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गोविंदपुर थाना क्षेत्र के काली मंदिर के पास छापेमारी की गई, जहां तीन युवक किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में जुटे थे। पुलिस ने मौके पर दबिश देते हुए तीनों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, जिंदा गोली, छह मोबाइल फोन, तीन हजार रुपये नकद, दो चांदी के पायल, चांदी का कमरबंद और सोने का झुमका बरामद किया। बरामद सामान शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं से जुड़ा पाया गया है।
पकड़े गए अपराधियों की पहचान जुगसलाई पंछी मोहल्ला निवासी कुख्यात पॉकेटमार सैयद अजहर इमाम उर्फ पीएम (24), आजादनगर के मोहम्मद असदउल्लाह उर्फ असद (21) और समर खान (21) के रूप में हुई है। सैयद अजहर की तलाश पुलिस को लंबे समय से थी। सिटी एसपी ने बताया कि तीनों आरोपी हाल की कई चोरी घटनाओं में शामिल रहे हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद ये जंगल में जाकर सामान का बंटवारा करते थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि बटवारे को लेकर इनकी आपस में मारपीट हो रही है, जिसके बाद टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दबोच लिया। कांड के उद्भेदन के लिए विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था, जिसमें डीएसपी नगर सुनील चौधरी और सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन डे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
