logo

पत्नी को जबरन कीटनाशक पिलाया, गला दबाकर की हत्या; फिर फंदे से लटकाया

पत्नी को जबरन कीटनाशक पिलाया, गला दबाकर की हत्या; फिर फंदे से लटकाया

द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले के पिपराटांड़ थाना क्षेत्र में विवाहिता की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मृतका के पति सतीफ अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। लेस्लीगंज के एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि 16 जुलाई को दर्ज प्राथमिकी की जांच के दौरान वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की भूमिका सामने आई। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


पति-पत्नी के विवाद के बाद वारदात को दिया अंजाम
पुलिस के अनुसार, विदरा गांव निवासी रुकेजा खातून की शादी जून 2021 में सतीफ अंसारी से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच विवाद होता रहता था। घटना वाले दिन भी पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई। रुकेजा ने पति से बाहर जाकर कमाने की बात कही, जिससे वह नाराज हो गया। गुस्से में उसने पहले पत्नी के साथ मारपीट की, फिर जबरन उसके मुंह में कीटनाशक डाल दिया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।


हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाया
हत्या के बाद आरोपी ने घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए घर की छत में लगी लकड़ी की कड़ी से रस्सी बांधकर मृतका के शव को फंदे से लटका दिया। हालांकि जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल, तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया, जिससे पूरी साजिश का खुलासा हो गया। मृतका के पिता लियाकत मियां ने पति समेत ससुराल के छह लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था। पुलिस अब नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Tags - Palamu MurderCase Jharkhand Crime Police