द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा स्थित धर्माबांधा में पति-पत्नी के रिश्ते का दर्दनाक अंत हो गया। फोन पर बातचीत को लेकर उपजे विवाद ने मंगलवार देर रात खूनी रूप ले लिया, जब गुस्से में पति ने पत्नी के सिर पर खलबट्टे से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान गीता मंडल (40) के रूप में हुई है, जबकि पुलिस ने आरोपी पति बापी मंडल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

फोन पर बातचीत को लेकर लंबे समय से था विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बापी मंडल डिमना रोड क्षेत्र में एक होटल संचालक है। बापी और गीता दोनों की यह दूसरी शादी थी। बताया जाता है कि पिछले कुछ महीनों से गीता की बारीडीह निवासी एक युवक से फोन पर बातचीत को लेकर दोनों के बीच तनाव चल रहा था। इस मुद्दे को लेकर कई बार विवाद हुआ था और मामला उलीडीह थाना तक भी पहुंचा था, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था।

तीखी नोकझोंक के बाद हुआ जानलेवा हमला
पुलिस के अनुसार मंगलवार रात एक बार फिर इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर आरोपी पति ने घर में रखे खलबट्टे से गीता मंडल के सिर पर कई वार कर दिए। हमले में गंभीर रूप से घायल गीता को तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

आरोपी हिरासत में, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति बापी मंडल को हिरासत में ले लिया है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर घरेलू विवाद और आपसी अविश्वास के खतरनाक परिणामों को सामने ला दिया है।