logo

साहिबगंज : पति-पत्नी ने फांसी लगाकर दी जान, 1 माह पहले ही हुआ था प्रेम-विवाह

sahibganj2.jpg

साहिबगंज:

 

झारखंड के साहिबगंज में पहले पति और फिर पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 20 वर्षीय पति प्रसनजीत महलदार राजमहल थानाक्षेत्र के कन्हैया स्थान (कमलैन बगीचा) निवासी कृष्णा महलदार का बेटा था। लड़की के परिवार वाले इन दोनों के रिश्ते को स्वीकार नहीं कर रहे थे। वो अपनी नवविवाहिता पत्नी के मायके वालों के व्यवहार से सदमे में था। मायके वाले अपनी बेटी को ससुराल आने नहीं दे रहे थे। इस सब से परेशान होकर प्रसनजीत ने फांसी लगा ली। पति के फांसी लगाने की खबर सुनने के बाद पत्नी ने भी फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।

रक्षाबंधन में घर गई थी पत्नी
राधानगर थाने की पुलिस ने शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि प्रसनजीत महलदार ने करीब 1 माह पूर्व उत्तरी सरफराजगंज की मुखिया सीता पहाड़िन की बेटी पिंकी दास से प्रेम विवाह किया था। इस शादी को लड़की के घरवाले स्वीकार नहीं कर रहे थे। परिवार वालों ने पिंकी को रक्षाबंधन के बहाने मायके बुलाया था। तब से पिंकी को वापस जाने नहीं दे रहे थे।

मरने से पहले हुई थी पत्नी से बात
रविवार की रात प्रसनजीत महलदार ने पत्नी से आखिरी बार फोन पर बात की। इसके बाद रात में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रसनजीत की मां सुषमा देवी ने बताया कि जब वह रात को शौच के लिए उठी तो बेटे को रस्सी से फंदे पर लटका देखा। इसके बाद पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि लड़की के परिवारवालों ने इस बात की जानकारी पिंकी को नहीं दी थी, लेकिन जब पिंकी को इस बात की जानकारी मिली तो देर रात मौका पाकर वह घर से निकल गई और बगल में स्थित पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।