logo

Ranchi : पूजा सिंघल मामले में इनकम टैक्स विभाग की एंट्री!  कभी भी हो सकती है पति अभिषेक झा की गिरफ्तारी

PUJASINGHAL22.jpg

रांची: 

आईएएस पूजा सिंघल को लेकर चल रही खबरों के बीच नई जानकारी सामने आई है। मिली जानकारी के मुताबिक मामले में ईडी के बाद अब इनकम टैक्स विभाग की भी एंट्री हो चुकी है। कहा जा रहा है कि इनकम टैक्स अधिकारियों को बुला लिया गया है। चर्चा है कि ईडी ने सीबीआई को भी अपनी रिपोर्ट भेजी है। सूचना है कि भारत सरकार की कई एजेंसियां हरकत में आ गई हैं। 

मुश्किलों में घिरते जा रहे हैं अभिषेक झा
गौरतलब है कि आईएएस पूजा सिंघल के पति अभिषेक झा मुश्किलों में घिरते जा रहे हैं। रविवार सुबह से ही ईडी ने अभिषेक झा को पूछताछ के लिए बुला लिया था। ईडी पूजा सिंघल के सीए सुमन सिंह और पति अभिषेक झा को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ कर रही है। इसमें सीए के पास मिली नकदी की जानकारी और इसके स्त्रोत के बारे में पूछा जा रहा है। गौरतलब है कि पूजा सिंघल के पति अभिषेक झा के सीए सुमन कुमार सिंह के पास 19.31 करोड़ रुपये की नगदी मिली है। 

पल्स हॉस्पिटल में निवेश की जानकारी नहीं
अभिषेक झा से पूछा जा रहा है कि पल्स हॉस्पिटल में किया गया इनवेस्टमेंट कहां से आया। क्या इस हॉस्पिटल की स्थापना में पूजा सिंघल भी शामिल हैं। अभिषेक झा से पूछा जा रहा है कि अस्पताल में 123 करोड़ रुपये का निवेश किया गया तो लोन केवल 23 करोड़ का ही क्यों दिखाया जा रहा है। बाकी की राशि कहां से आई। इसमें पूजा सिंघल की क्या भूमिका है। कहा जा रहा है कि अभिषेक झा को मनी लाइउंड्रिंग केस में गिरफ्तार किया जा सकता है। कहा जा रहा है कि कई अहम दस्तावेज भी मिले हैं जिसका संतोषजनक जवाब ईडी को नहीं मिल सका है। बयानों में विरोधाभास भी देखा जा रहा है। 

गिरफ्तार किए जा सकते हैं अभिषेक झा
कहा जा रहा है कि अभिषेक झा और सीए सुमन कुमार सिंह के लिए ईडी ने 60 सवालों की लिस्ट तैयार की थी। जब पूछताछ शुरू हुई तो इसमें सवाल के अंदर सवाल जुड़ते चले गए और इसकी संख्या 200 तक पहुंच गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक अभिषेक झा और सुमन कुमार सिंह ईडी के किसी भी सवाल का संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। ऐसे में ईडी अभिषेक झा को गहन पूछताछ के लिए हिरासत में ले सकती है। वहीं पल्स हॉस्पिटल को भी सील किया जा सकता है।