logo

2024 में अगर मोदी सरकार बनी तो सबसे पहला हमला संविधान पर होगा- मल्लिकार्जुन खड़गे 

khadge_2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सोमवार को झारखंड पहुंचे। मल्लिकार्जुन खड़गे ने चतरा लोकसभा से प्रत्याशी केएन त्रिपाठी के पक्ष में चुनावी सभा किया। हजारीबाग में इंडी गठबंधन प्रत्याशी जेपी पटेल के लिए जनसमर्थन मांगा। हजारीबाग के बरही में ब्लॉक मैदान में सोमवार को आयोजित जनसभा में खड़गे ने जोहार साथियों ! महान नायक भगवान बिरसा मुंडा जी, बाबा तिलका माँझी, वीर बुधू भगत, सिद्धो कान्हू समेत झारखंड के सभी महान नायकों को नमन करता हूं। चौथे दौर का मतदान चल रहा है। कांग्रेस और INDIA गठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में ज़बरदस्त वोटिंग की खबर है। मोदी जी और बीजेपी की सरकार का वापिस आना नामुमकिन है।


हज़ारीबाग़ का कांग्रेस के इतिहास में एक विशेष महत्व 
खड़गे ने आगे कहा कि हज़ारीबाग़ कांग्रेस के इतिहास में एक विशेष महत्व रखता है। इस लोकसभा क्षेत्र के रामगढ़ ज़िले में 1940 में कांग्रेस का 53वां अधिवेशन मौलाना आजाद की अध्यक्षता में हुआ था। इस अधिवेशन का मुख्य प्रवेश द्वार महान नेता बिरसा मुंडा की याद को समर्पित था। यहीं 'भारत छोड़ो' आंदोलन की नींव रखी गई थी। जो जज़्बा हज़ारीबाग़ ने अंग्रेजी हुकूमत के ख़िलाफ़ तब दिखाया था, उसी जज़्बे को फिर से दिखाने और संविधान और लोकतंत्र को बचाने का वक्त आ गया है। भाजपा-RSS के लोग संविधान को बदलने चाहते है। 2024 में अगर मोदी सरकार बनी तो सबसे पहला हमला संविधान पर होगा। प्रधानमंत्री मोदी और RSS का गुप्त एजेंडा है, भारत के संविधान को उनकी विचारधारा के अनुसार बदला जाए। वो भारत के संविधान का विरोध शुरू से करते आए हैं। वो तिरंगे को भी भारत का ध्वज मानने से इंकार करते थे। वो SC, ST और OBC या किसी भी वर्ग के लिए आरक्षण को गलत मानते है। 
देश में अब नया तानाशाह आया है
खड़गे ने कहा कि देश में अंग्रेज आए थे, उनसे हम लड़े तो वो यहां से चले गए। अब नया तानाशाह आया है, जो लोगों को डराता-धमकाता है। हेमंत सोरेन जी को भी डराने की कोशिश की, लेकिन वो भाजपा के साथ नहीं गए तो उन्हें जेल भेज दिया गया। इसीलिए ये चुनाव देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। यह चुनाव संविधान और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। यदि इस बार भाजपा चुनाव जीती तो अगली बार चुनाव नहीं होंगे।


हेमंत सोरेन की सराहना की 
खड़गे ने कहा कि महात्मा गांधी ने जिस देश को आजादी दिलाई, नेहरू ने जम्हुरियत कायम की, बाबा साहब ने संविधान बनाया, उसे और उसके संविधान को बचाने को हम लड़ेंगे। इसे बचाने का काम हम सभी का है। खड़गे ने दावा किया कि किसी को नौकरी नहीं देने वाली, काला धन वापस लाकर बांटने की बात करने वाली मोदी सरकार चुनाव में 400 पार के आंकड़े से बहुत पीछे रह जाएगी। उन्होंने केंद्र सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने और हेमंत सोरेन को डरा-धमकाकर एनडीए के साथ आने की बात भी कही। साथ ही कहा कि हेमंत के हिम्मत की सराहना होनी चाहिए कि जेल जाना उन्होंने पसंद किया लेकिन बीजेपी के सामने झुके नहीं। 
पीएम केवल लोगों को गुमराह कर रहे हैं, इस बार बीजेपी की हार निश्चित
खड़गे ने आगे कहा कि मोदी सरकार ने डिक्टेटिरशिप कायम किया। केंद्र में बीजेपी सरकार का वापस आना नामुमकिन है। पूरे देश में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के पक्ष में जोरदार वोटिंग हो रही है। मोदी जी 400 पार कहते हैं। लेकिन जब देश के हर राज्य में भाजपा की सीटें कम हो रही हैं तो 400 पार कैसे हो सकता है। मोदी जी सिर्फ लोगों को गुमराह कर रहे हैं, क्योंकि इस बार बीजेपी हार रही है।


मोदी 4 घंटा में धोती, 4 घंटा में कुर्ता बदलकर कहते हैं हम गरीब हैं
खड़गे ने कहा कि एनडीए वाले गरीबों को मारना चाहते हैं। अमीरों को बचाना चाहते हैं। ये लोग केवल झूठा गुणगान करते हैं। मोदी कहते हैं कि मैं गरीब हूं। आप तो 4 घंटा में धोती, 4 घंटा में कुर्ता बदलते हैं। इसके बावजूद आप गरीब हैं। कैसे? PM मोदी को कहा "झूठों का सरदार हैं। आज जनता को मोदी बरगला रहे हैं। वो मूल काम को लोगों के समक्ष रखने के बजाय जाति, धर्म और संपत्ति की बातें करेंगे। ऐसे लोगों को वोट करेंगे तो देश बर्बाद हो जायेगा।


 

Tags - Mallikarjun KhargeJharkhand newsLoksabha election 2024Loksabha chunav 2024INDIA Alliance