द फॉलोअप डेस्क
पलामू जोन के नए आईजी शैलेन्द्र सिन्हा एक दिवसीय दौरे पर गढ़वा पहुंचे, जहां उन्हें जिला समाहरणालय में पहली बार पहुंचने पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने जिले के एसपी, सभी डीएसपी, इंस्पेक्टर और थाना प्रभारियों के साथ बैठक की और कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने का निर्देश दिया। शैलेन्द्र सिन्हा ने कहा कि जब वह पलामू पहुंचे थे, तब यहां दुर्गा पूजा का माहौल था। इस वजह से गढ़वा आने का अवसर नहीं मिल पाया था, लेकिन इस दौरान दुर्गा पूजा को पदाधिकारियों और जवानों ने शांतिपूर्वक सम्पन्न कराया, जिसके लिए उन्होंने उन्हें बधाई दी।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जो भी आगंतुक थाना आते हैं, उन्हें नम्रता के साथ बातचीत करनी चाहिए और उनके समस्याओं को सुनना चाहिए। यह स्वाभाविक है कि सभी काम पुलिस के हाथ में नहीं होते, लेकिन उन्हें सही सुझाव देकर और पानी पिलाकर आगंतुकों को थाना से विदा करना चाहिए।
