द फॉलोअप डेस्क
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्यूनिकेशन (आईआईएमसी) के पदाधिकारियों और सदस्यों ने इस बार दीपोत्सव का त्योहार जरूरतमंद बच्चों और महिलाओं के साथ मिलकर मनाया। शनिवार को धनतेरस के शुभ अवसर पर ईमका (IIMC) के सदस्य अपने परिजनों के साथ बूटी मोड़ स्थित माहेर होम पहुंचे। इस दौरान होम में रह रहे बच्चों और महिलाओं के बीच उनकी जरूरत और इच्छानुसार राशन, मिठाई, दीया और पटाखों का वितरण किया गया। बच्चों ने मिठाइयां खाकर, दीये जलाकर और पटाखे छोड़कर दीपोत्सव की खुशियां साझा कीं।
इस अवसर पर आईपीएस अधिकारी किशोर कौशल ने कहा कि माहेर होम उन बच्चों को शिक्षा और आश्रय प्रदान कर रहा है जो किसी कारणवश अपने परिवार से बिछड़ गए हैं। उन्होंने कहा कि माहेर होम समाज के लिए एक प्रेरणास्रोत है। यहां के बच्चे पढ़-लिखकर जीवन में आगे बढ़ें, यही कामना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी यदि इन बच्चों को किसी प्रकार की आवश्यकता होगी तो वह यथासंभव सहायता करेंगे।
ईमका के सदस्यों ने भी संकल्प लिया कि आने वाले समय में वे अपनी क्षमतानुसार माहेर होम में योगदान देते रहेंगे और बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाते रहेंगे। इस अवसर पर मनोज कुमार, अमित गुप्ता, विशाल जैन, राजेश कुमार, कुमार राजेश, मनीष गुप्ता, मनीष कुमार, रंजीत कुमार, आनंद दत्त सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
