द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह उत्पाद विभाग के अधीक्षक के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने मंगलवार को मंडरो गांव, थाना–देवरी में छापेमारी कर एक अवैध विदेशी शराब फैक्ट्री को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान घटनास्थल से अवैध शराब बनाने में प्रयुक्त बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की गई।
उत्पाद विभाग के अनुसार, छापेमारी में 105 लीटर स्पिरिट, 5 लीटर केरामेल, 2000 पीस स्टिकर्स, 10,000 पीस कॉर्क (ढक्कन), 600 खाली बोतलें एवं 100 नकली होलोग्राम बरामद किए गए। यह सभी सामग्रियां अवैध शराब बनाने एवं पैकिंग में प्रयुक्त की जाती थीं। इस सिलसिले में फैक्ट्री संचालक एवं मकान मालिक आशीष यादव के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, छापेमारी के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया।
इसी क्रम में उत्पाद विभाग ने खोरीमहुआ चौक स्थित कई होटल, ढाबों और दुकानों में भी छापेमारी की। छापेमारी दल में अवर निरीक्षक उत्पाद रवि रंजन, पुलिस सहायक अवर निरीक्षक लक्ष्मण महतो, सशस्त्र जवान एवं गृह रक्षक शामिल थे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दुर्गापूजा के अवसर पर अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध लगातार विशेष छापामारी अभियान चलाया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान लोगों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त निगरानी जारी रहेगी।
