द फॉलोअप डेस्क
घाघरा अंचल अंतर्गत आदर पंचायत के सलगी गांव स्थित वन क्षेत्र में अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने की गुप्त सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए नशा माफियाओं पर करारा प्रहार किया। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के स्पष्ट निर्देश के आलोक में शनिवार को दोपहर लगभग 2 बजे इस कार्रवाई से संबंधित आधिकारिक जानकारी आईपीआरडी के माध्यम से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सार्वजनिक की गई।
.jpg)
निर्देश के अनुपालन में घाघरा अंचल के अंचल अधिकारी सुशील खाखा, थाना प्रभारी मोहन सिंह एवं फॉरेस्टर राम शेखर के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने वन क्षेत्र में औचक छापेमारी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान यह पाया गया कि वन भूमि के अंतर्गत लगभग 65 डिसमिल क्षेत्र में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही थी। प्रशासनिक टीम ने मौके पर ही सख्ती दिखाते हुए पूरी अवैध अफीम की फसल को नष्ट कर दिया। चूंकि यह भूमि वन क्षेत्र के अंतर्गत आती है, इसलिए जिला प्रशासन एवं वन विभाग ने आपसी समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्रवाई के तहत अवैध खेती को पूर्ण रूप से नष्ट किया।
अंचल अधिकारी ने बताया कि इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और अवैध अफीम की खेती में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। जांच पूर्ण होने के बाद दोषियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
