logo

झारखंड में मिचौंग का असर, जमकर हुई बारिश; बढ़ी ठिठुरन

ीोगल11.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
मिचौंग तूफान का असर झारखंड के दक्षिणी हिस्सों में दिख रहा है। मंगलवार की सुबह से ही रुक-रुक कर हल्की बारिश हो रही है। जिससे तापमान में कमी आई है, इस कारण ठंड में बढ़ोतरी हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार और गुरुवार को झारखंड के सभी हिस्सों में बारिश के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि मिचौंग के असर से बारिश हो रही है। इससे दिन के तापमान 5 से 6 डिग्री तक की कमी आयी है। बुधवार व गुरुवार को राज्यभर में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। जिन जिलों में बारिश के आसार है उसमें रांची, सिमडेगा, गुमला, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसांवा, खूंटी और रामगढ़ जिला शामिल है। 


कैसा रहेगा अगले चार दिन का मौसम 
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में 6 व 7 दिसंबर को हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है, जबकि 8 दिसंबर को राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में आंशिक बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं गर्जन व वज्रपात की भी संभावना है। इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया। 9 दिसंबर को सुबह कोहरा या धुंध और बाद में आसमान मुख्यत: साफ रहेगा। दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी हिस्से में उठे चक्रवाती तूफान के असर के कारण ही राज्य के मौसम में बदलाव हुआ है।


सिमडेगा में सबसे अधिक बारिश 
24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य में कहीं-कहीं हल्की वर्षा रिकार्ड की गई। सबसे अधिक 14.2 मिमी वर्षा सिमडेगा के कोलेबिरा में रिकार्ड की गई। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री गोड्डा का, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री रांची का रिकार्ड किया गया। रांची का अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।