झारखंड/वेदर:
Jharkhand Weather Update: बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान का असर झारखंड में भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 27 से 30 अक्टूबर तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 28 और 29 अक्टूबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश का भी अलर्ट है। आइए जानते हैं, अगले चार दिनों में झारखंड का मौसम कैसा रहेगा और किन जिलों में इसका ज्यादा असर पड़ सकता है।

27 अक्टूबर से बदलेगा मौसम
27 अक्टूबर को झारखंड के पूर्वी, दक्षिणी और आसपास के मध्यवर्ती इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
.jpeg)
28 अक्टूबर को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की आशंका
28 अक्टूबर को राज्य के उत्तर-पश्चिमी, दक्षिणी और आसपास के मध्यवर्ती इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन क्षेत्रों में गरज-चमक, वज्रपात और कहीं-कहीं भारी बारिश की आशंका है। उत्तर-पूर्वी और आसपास के मध्यवर्ती इलाकों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
.jpeg)
29 अक्टूबर को राज्यभर में बारिश के आसार
29 अक्टूबर को झारखंड के लगभग सभी हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, उत्तर-पश्चिमी, दक्षिणी और आसपास के मध्यवर्ती इलाकों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।

30 अक्टूबर तक जारी रह सकता है असर
30 अक्टूबर को राज्य के उत्तरी हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ वज्रपात की आशंका है। उत्तर-पश्चिमी और आसपास के मध्यवर्ती इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
.jpeg)
क्या है चक्रवाती तूफान की स्थिति?
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब अगले कुछ दिनों में चक्रवाती तूफान और फिर अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इसके 28 अक्टूबर की सुबह के आसपास आंध्र प्रदेश तट के पास पहुंचने और बापटला से विशाखापत्तनम के बीच तट पार करने की संभावना है। उस समय हवा की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे तक और झोंकों में 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम खराब होने पर खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। वज्रपात के दौरान सुरक्षित पक्के मकान में शरण लें और मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर बनाए रखें। झारखंड में मौसम से जुड़ी हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए।