द फॉलोअप डेस्क
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रदेश संगठन के सदस्य उपस्थित हुए। इस दौरान राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने संगठन पर्व की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व पार्टी की मजबूती और सर्वस्पर्शी विस्तार का पर्व है। उन्होंने पार्टी की विचारधारा को केंद्रीय तत्व बताते हुए कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और देशभर में 13.50 करोड़ प्राथमिक सदस्य हैं। संगठन पर्व के माध्यम से देशभर में भाजपा के सदस्यता विस्तार पर जोर दिया जा रहा है, जिसमें झारखंड भी सक्रिय रूप से शामिल है।
वहीं, सुनील बंसल ने आगे कहा कि सशक्त भाजपा ही एक विकसित और स्वाभिमानी भारत के निर्माण में सहायक होगी। उन्होंने भाजपा के संगठन विस्तार में महिला सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान देने की बात भी की।इस बीच सांसद संजय जायसवाल ने झारखंड में भाजपा की मजबूत सांगठनिक स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि संगठन पर्व के माध्यम से इस आधार को और विस्तृत एवं व्यापक बनाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन कार्य निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। संजय जायसवाल ने कहा कि पार्टी का कार्यकर्ता ही पार्टी की नीतियों और विचारधाराओं को जमीन पर उतारता है।
बाबूलाल मरांडी ने किया बैठक को संबोधित
वहीं, प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के कारण झारखंड में संगठन पर्व में थोड़ी देरी हुई। लेकिन अब इसे परिश्रम से निर्धारित समय में पूरा किया जा सकता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे बूथ से लेकर जिला स्तर तक संगठनात्मक संरचना को समयबद्ध तरीके से पूरा करें। इस बैठक के माध्यम से पार्टी के नेताओं ने संगठन पर्व को सफल बनाने के लिए एकजुटता और संकल्प का संदेश दिया।इस बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश सदस्यता प्रभारी राकेश प्रसाद, प्रदेश महामंत्री एवं सांसद आदित्य साहू, मनोज कुमार सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पीएन सिंह, डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, बालमुकुंद सहाय, विकास प्रीतम, भानु प्रताप शाही, नीलकंठ सिंह मुंडा, सीमा शर्मा और जिले स्तर के चुनाव पर्वेक्षक, चुनाव अधिकारी तथा सह चुनाव अधिकारी भी शामिल हुए।
इसके साथ ही बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री और चुनाव अधिकारी सुनील बंसल व लोकसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक एवं चुनाव अधिकारी संजय जायसवाल ने विशेष मार्गदर्शन दिया। बैठक का संचालन गणेश मिश्र ने किया। जबकि प्रदेश महामंत्री और चुनाव अधिकारी सांसद डॉ प्रदीप वर्मा ने विषय प्रवेश कराया और प्रदेश मंत्री सुनीता सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।