बलियापुर/धनबाद:
लव मैरिज से नाराज ससुर ने बहू की निर्ममता से हत्या कर दी। ससुर ने बहू का सिर, धड़ से अलग कर दिया और लाश को पहाड़ी की तलहटी पर फेंक दिया। वारदात, धनबाद के बलियारपुर थानाक्षेत्र की है जहां 11 सितंबर को धांगी पहाड़ी की तलहटी पर अज्ञात युवती की सिरकटी लाश मिली थी। युवती की पहचान पुलिस ने गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थानाक्षेत्र अंतर्गत बहादुरपुर गांव निवासी संदीप रवानी की बेटी पूनम के रूप में की थी। मृतका पूनम के पिता ने दामाद कृष रवानी और उसके घरवालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराया था।

पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने सोमवार को जानकारी दी कि धांगी पहाड़ी की तलटही पर युवती की सिरकटी लाश मिलने की घटना को गंभीरता से लेते हुए सिंदरी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की सहायता से हत्याकांड में संलिप्त 4 आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने राजगंज निवासी जयराम रवानी, बलियापुर निवासी किशोर महतो, मृतका की मौसी की सहेली आलोमनी देवी और रामप्रसाद रजवार को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी संतोष रवानी समेत अन्य लोग फरार हैं, जिनकी तलाश में सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
बेटे की लव मैरिज पर बहू से नाराज था ससुर
पुलिस ने जानकारी दी है कि मृतका पूनम ने कृष रवानी से लव मैरिज की थी। कृष के पिता संतोष रवानी इस शादी से बेहद नाखुश थे। बहू को रास्ते से हटाने के लिए संतोष ने ही साजिश रची और सहयोगियों की सहायता से युवती की धारदार हथियार से गर्दन काटकर हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने की नीयत से धांगी पहाड़ी की तलहटी पर सिर और धड़ को करीब 100 मीटर की दूरी पर अलग-अलग फेंक दिया। सिर के पास पुलिस को पूजन सामग्री भी मिली थी। पुलिस ने तभी आशंका जताई थी कि जांच की दिशा भटकाने के लिए इसमें पूजा-पाठ और नरबलि का एंगल डालने का प्रयास किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया बड़ा धारदार चाकू, मृतका की चप्पल, पूजा सामग्री और 3 मोबाइल फोन जब्त किया है।

मृतका के पिता ने बलियापुर थाने में किया था केस
गौरतलब है कि मृतका 9 सितंबर से लापता थी। पति कृष रवानी ने इसकी जानकारी ससुर संदीप रवानी को दी थी। 11 सितंबर को शव मिलने के बाद मृतका के पिता संदीप रवानी के लिखित आवेदन पर पुलिस ने बलियापुर थाने में कांड संख्या 155/2026 दर्ज कराया था। पुलिस इस हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता ससुर संतोष रवानी और मौसी समेत अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।