छतरपुर/पलामू:
पलामू में उधार के 25,000 रुपये की खातिर पारा शिक्षक की हत्या कर दी गई। हत्यारोपी, मृतक का पुराना परिचित निकला। मृतक का नाम उदय सिंह है जबकि हत्यारोपी सुरेंद्र यादव है। पलामू की छतरपुर पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फरसा, मृतक का मोबाइल फोन, वारदात के समय पहने कपड़े और बाइक जब्त किया है। बीते 28 मई को चिल्हो खुर्द निवासी 50 वर्षीय उदय सिंह की धारदार हथियार से हत्या किए जाने की सूचना छतरपुर पुलिस को मिली थी। मृतक की पत्नी की लिखित शिकायत पर छतरपुर थाने में कांड संख्या 83/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1)/238 के तहत केस दर्ज किया गया था।

एसडीपीओ प्रशांत कुमार की टीम ने किया खुलासा
पारा शिक्षक सह झोलाछाप डॉक्टर उदय सिंह की जघन्य हत्याकांड की जांच के लिए एसपी कपिल चौधरी के निर्देश पर छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में स्पेशल टीम बनी थी। तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सुरेंद्र यादव को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उदय सिंह का पूर्व परिचित है। दोनों पारा शिक्षक के रूप में काम करते थे। यहीं दोस्ती हुई और फिर पैसों का लेन-देन हुआ था।

25,000 रुपये की उधारी के विवाद में हुई हत्या
हत्यारोपी सुरेंद्र यादव ने बताया कि करीब 6 महीने पहले उदय सिंह ने उसे 25,000 रुपये दिए थे। कुछ समय बाद उदय सिंह ने सुरेंद्र यादव से ब्याज सहित 50,000 रुपये लौटाने को कहा। इस बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोपी का दावा है कि करीब वारदात से करीब 1 हफ्ता पहले उदय सिंह ने कथित तौर पर उसका अपमान किया और इसी बात का बदला लेने के लिए उसने साजिश के तहत उदय सिंह की हत्या कर दी। सुरेंद्र यादव पलामू जिला के ही छतरपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत नाग बाबा इलाके का रहने वाला है। पुलिस ने सुरेंद्र यादव को गिरफ्तार करके न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस खुलासे से इलाके में सनसनी है।