गढ़वा:
झारखंड के गढ़वा जिले में कथित लव जिहाद का मामला प्रकाश में आया है। रांची के बेड़ो थानाक्षेत्र अंतर्गत केशा गांव की कान्ति उराईन ने नगर ऊंटारी थानाक्षेत्र अंतर्गत कुष्दंड गांव के इनायत अंसारी पर धर्म छिपाकर शादी करने, जबरन गोवंश खिलाने, मारपीट करने और भरण-पोषण के लिए खर्च देने से इनकार करने का आरोप लगाया है। कान्ति उराईन का आरोप है कि इनायत अंसारी ने उससे खुद के शादीशुदा और 2 बच्चों का पिता होने की बात भी छिपाई। पीड़िता ने नगर ऊंटारी महिला थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।

हैदराबाद में इनायत अंसारी से मिली थी पीड़िता
पीड़िता कान्ति उराईन ने लिखित आवेदन में जानकारी दी है कि 6 माह पहले जब वह रोजगार की तलाश में हैदराबाद गई थी, तभी उसकी मुलाकात इनायत अंसारी से हुई थी। कान्ति का दावा है कि इनायत अंसारी ने वहां अपना नाम सोनू कुमार बताते हुए हिन्दू युवक के रूप में अपना परिचय दिया था। पीड़िता का दावा है कि इनायत अंसारी उर्फ सोनू कुमार ने उसे प्रेमजाल में फंसाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया और बाद में शादी का दबाव बनाने पर कोर्ट मैरिज कर ली। कान्ति उराईन का आरोप है कि जब वह पति के साथ उसके घर पहुंची तो पता चला कि उसका नाम सोनू कुमार नहीं बल्कि इनायत अंसारी है। कान्ति उराईन का कहना है कि जनवरी 2026 में ससुराल पहुंचकर उसे पति के शादीशुदा होने की जानकारी मिली। साथ ही पता चला कि वह 2 बच्चों का पिता है।

पति समेत ससुराल के बाकी सदस्यों पर आरोप
पीड़िता का आरोप है कि सवाल करने पर उसके साथ मारपीट की गई। धर्म बदलने का दबाव बनाया गया। जबरन गोवंश खिलाने की कोशिश की गई। कान्ति उराईन का कहना है कि अब इनायत अंसारी उसे भरण पोषण के लिए खर्च देने से इनकार करने लगा है और इसलिए वह शिकायत लेकर महिला थाना पहुंची है।
पीड़िता कान्ति उराईन ने इनायत अंसारी के अलावा उसके पिता जहीरुद्दीन अंसारी और मां मैरून बीबी समेत अन्य परिजनों पर मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाया।
SDPO ने लव जिहाद वाले एंगल को खारिज किया
इस मामले में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सत्येंद्र नाराय़ण सिंह ने कहा कि हमें लिखित आवेदन मिला है। छानबीन हो रही है। एसडीपीओ ने बताया कि उक्त महिला द्वारा पहले भी महिला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। तब, उसके पति और घरवालों को बुलाकर समझाया गया था। दोनों पक्ष आपसी सुलह के बाद घर लौट गए थे। एसडीपीओ का दावा है कि शिकायती आवेदन और कोर्ट मैरिज के दस्तावेजों में भी महिला के पति का नाम इनायत अंसारी ही लिखा है। यह लव जिहाद का मामला नहीं लगता।