गढ़वाः
गढ़वा जिले की पंचायतों में मुखिया एवं लाभुकों से पैसा ऐंठ रहे दो फर्जी पत्रकारों को विशुनपुरा से गिरफ्तार किया गया है। दोनों फर्जी पत्रकारों के नाम जयनारायण पाठक एवं विष्णु सिंह हैं। दोनों उत्तर प्रदेश के चदौली के रहनेवाले हैं। दोनों तो जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने उनके पास से समय चक्र टाइम्स का परिचय पत्र, दो मोबाइल, एक डायरी एवं उनकी होंडा सिटी कार (यूपी67पी-8355) को जब्त कर लिया है।

बरामद डायरी में गढ़वा जिले के सभी बीडीओ, पंचायतों की संख्या एवं उनका लोकेशन लिखा हुआ है। बताया गया कि पहले ये लोग बीडीओ को फोन पर समय चक्र टाइम्स के पत्रकार बोल कर पंचायत के विकास बारे में मीटिंग करने के नाम से बीडीओ से मिलते थे। उसके बाद सभी पंचायतों में अपने को राज्यस्तरीय जांच पदाधिकारी बताकर मुखिया से मिलते थे। पंचायत में विकास कार्यो में खर्च किये पैसे के बारे में जानकारी लेते थे। पैसे की उगाही करते थे।

कैसे पकड़े गये
दरअसल मंगलवार को बिशुनपुरा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि बलराम पासवान एवं पंचायत सचिव जगदीश राम के पास दोनों ने फोन पर बात की । उनसे बात कर मिलने के लिए उन्हें पंचायत सचिवालय बुलाया। इसके बाद पंचायत में हुए कार्यों की जांच करने की बात कही। तब तक जयनारायण पाठक मुखिया की कुर्सी पर बैठ गया, तो बलराम पासवान को उन दोनों की संदिग्ध गतिविधियों को देखकर कुछ संदेह हुआ।

दोनों बलराम पासवान से केंद्र की योजनाओं का लेखा-जोखा एवं खर्च का हिसाब मांग रहे थे। बलराम पासवान जब उनसे उनका परिचय पूछ रहा था तो दोनों कभी खुद को जांच अधिकारी तो कभी पत्रकार बता रहे थे। बलराम पासवान का संदेह हुआ। दोनों ने बलराम पासवान से सात हजार रुपये और डंडई प्रखंड के सोनेहारा पंचायत के कूप योजना के लाभुक संतोष यादव से 10,200 रुपये की वसूली कर चुके थे।

कागजात मांगने पर सकपका गये
मुखिया प्रतिनिधि ने दोनों को कहा कि दूसरे लोगों से भी बात करनी है इसलिए आप दोनों प्रखंड कार्यालय में चलिए। विशुनपुरा बीडीओ हीरक मन्ना केरकेट्टा ने दोनों से आईडी कार्ड या आवश्यक कागजात मांगे तो दोनों ने बीडीओ को उनके सवालों का जवाब नहीं दिया। इस पर बीडीओ का शक पुख्ता हुआ तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस के वहां पहुंचते ही दोनों के होश उड़ गये।