गढ़वा
गढ़वा में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं. ताजा मामला विशुनपुरा थाना क्षेत्र का है, जहां बीती रात चोरों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया. चोरों ने मनोकामना ज्वेलर्स और बर्तन दुकान को निशाना बनाया और लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया.
50 हजार नगद और 1 लाख के सोने-चांदी ले उड़े चोर
दुकान के संचालक अजित कुमार सोनी ने बताया कि वे रोज की तरह रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे. सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे, तो अंदर का दृश्य देखकर हैरान रह गए. काउंटर के सभी दराज टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था. जांच करने पर पता चला कि करीब 50 हजार रुपये नगद और लगभग 1 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण गायब हैं. प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि चोर दुकान के पीछे से छत के रास्ते अंदर घुसे. उन्होंने सीढ़ी वाले कमरे का शटर तोड़कर प्रवेश किया और आराम से पूरी दुकान खंगालने के बाद फरार हो गए.
लगातार वारदातों से दहशत, पुलिस पर सवाल
गौरतलब है कि इससे पहले 24 दिसंबर को शुभ लक्ष्मी वस्त्रालय और मुन्ना ज्वेलर्स में करीब 40 लाख रुपये की बड़ी चोरी हुई थी. वहीं लाल चौक शराब दुकान के पास बाइक सवार अमित कुमार से जेवर से भरा बैग भी फिल्मी अंदाज में लूट लिया गया था, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है. लगातार हो रही इन वारदातों ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और क्षेत्र के लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यवसायियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है.