द फॉलोअप डेस्कः
गोड्डा जिला के ठाकुरगंगटी थाना क्षेत्र के भगैया के रहने वाले युवक को जिंदा जला दिया गया है। युवक 95 प्रतिशत तक जल चुका है। फिलहाल अस्पताल में गंभीर हालत में उसका इलाज किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि युवक को उसी के ससुराल वालों ने जलाकर मारने की कोशिश की है। युवक के परिजन को घटना की जानकारी हुई तो उसे सदर अस्पताल गोड्डा में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार कर उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया ।

पहले शराब पिलाया गया
जानकारी के मुताबिक पीड़ित सागर कुमार बीते दिन अपने ससुराल बिहार के पंजवारा गया था। जहां सोमवार सुबह उसके पत्नी और सास ने उसे खूब शराब पिलाई। इसके बाद उसे जला दिया गया और जब इस घटना की जानकारी उसके घरवालों को हुई थी तो उसे घायल अवस्था में ही उठाकर सदर अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टर ने घायल का प्राथमिक उपचार किया और उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया।

सास और पत्नी पर आरोप
घायल की मां ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे को उसकी सास शीला देवी और उसकी पत्नी सुनीता देवी ने जलाया है। पहले उसे शराब पिलाई गई है, उसके बाद उसको जलाया गया है। उसकी हालत बेहद खराब है उसे सदर अस्पताल से भी रेफर कर दिया गया है। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई है और पुलिस मामले दर्ज कर जांच कर रही है।