गुमला:
गुमला जिला के सिसई थानाक्षेत्र में नाबालिग की संदिग्ध मौत हो गई है। कथित तौर पर लड़की ने आत्महत्या की है। परिजन, पुलिस को सूचना दिए बगैर उसका अंतिम संस्कार करने जा रहे थे, लेकिन एक ग्रामीण की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवयात्रा रोककर नाबालिग के पार्थिव शरीर को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। सिसई थाना प्रभारी नीरज कुमार ने इस केस में त्वरित एक्शन लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि नाबालिग के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गुमला भेज दिया है। उन्होंने कहा कि चूंकि लड़की नाबालिग है, इसलिए गंभीरता से इस केस की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि परिजनों द्वारा लिखित शिकायत मिलने पर कार्रवाई होगी।

नाबालिग लड़की के सुसाइड की आशंका
पुलिस ने पारिवारिक विवाद में नाबालिग लड़की के सुसाइड की आशंका जताई है। पुलिस अन्य एंगल से भी छानबीन में जुटी है। थाना प्रभारी नीरज कुमार ने कहा कि संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस को सूचना दिए बगैर अंत्येष्टि करना गैर-कानूनी है। पुलिस ने कहा कि आत्महत्या के मामले में पुलिस को लिखित सूचना देना आवश्यक है। ऐसे केस में शव का पोस्टमॉर्टम कराकर ही अंतिम संस्कार करने का प्रावधान है। अभी स्पष्ट नहीं है कि परिजन जागरूकता के अभाव में पुलिस को सूचित किए बिना मृत नाबालिग लड़की का अंतिम संस्कार करने जा रहे थे, कि उन्होंने जानबूझकर मामले को दबाने या छुपाने की कोशिश की।
सुसाइड का कारण जानना चाहती है पुलिस
पुलिस का कहना है कि लड़की ने किन परिस्थितियों में आत्महत्या की। यह घरेलु विवाद का मामला है या कारण कुछ और है। पुलिस गंभीरता से मामले की छानबीन में जुटी है। थाना प्रभारी नीरज कुमार ने कहा कि हम छानबीन के जरिए आत्महत्या के कारणों को जानने में जुटे हैं।