logo

JMM-कांग्रेस चोर-चोर मौसेरे भाई, जनता इस चुनाव उन्हें उखाड़ फेंकेगी- छत्तीसगढ़ सीएम विष्णु देव साय

vishu_dev_sai.jpg

द फॉलोअप डेस्क
छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज झारखंड में 3 जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने साहिबगंज जिले के बरहेट, पाकुड़ जिले के अमरापाड़ा और दुमका जिले के शिकारीपाड़ा में सभा कर BJP प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। सीएम साय ने झारखंड की जनता से प्रदेश की सभी चौदह सीटों पर बीजेपी को जिताकर पीएम मोदी को देने का आग्रह किया। सीएम साय ने कहा कि झारखंड के लोगों को जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन की सरकार ने खूब भरमाया। हमेशा यही भ्रम फैलाते हैं कि मोदी जी और बीजेपी सरकार आई तो यहाँ के जल, जंगल, जमीन को लूट लेगी। जबकि पूरे झारखंडवासियों को पता है कि यहां के जमीन को लूटने वाला एक मात्र आदमी यहां के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हैं। झारखंड के लिए दुर्भाग्य की बात है कि आज यहां के पूर्व मुख्यमंत्री जमीन लूटने के मामले में, माइंस के लिए जमीन लेने के मामले में जेल में हैं।  

झारखंड सरकार के मंत्री,नेता के घर से मिल रहा पैसा जनता का है

गठबंधन सरकार को घेरते हुए विष्णु देव साय ने कहा कि यहां की सरकार में मंत्री, कांग्रेस नेता आलमगीर आलम के पीए के घर से करोड़ों रूपए निकलता है। कांग्रेस के एक सांसद धाीरज कुमार के यहां छापा पड़ता है तो उसके यहां से 351 करोड़ रूपए घर से निकलता है। ये सारा जनता का पैसा है। ये पैसा विकास में नहीं लग रहा है, ये पैसा सड़क, बिजली, पानी के लिए नहीं लग रहा है बल्कि उन्होंने अपने एशो-आराम के लिए रखा है, जो उनके घर से मिल रहा है। उन्होंने कांग्रेस और जेएमएम को चोर-चोर मौसेरे भाई बताते हुए जनता से उसे उखाड़ फेंकने की बात कही।  


आदिवासियों की विरोधी जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और जेएमएम ने आदिवासियों का कोई विकास नहीं किया। उसे केवल बंधुआ मजदूर समझा, वोट बैंक समझा। बीजेपी ने आदिवासियों का भरपूर सम्मान किया, कर रही है और आगे भी करेगी। उन्होंने कहा कि श्रद्धेय अटल जी ने आदिवासियों के हित के लिए अलग से आदिम जाति कल्याण मंत्रालय बनाया, जहां आदिवासी मंत्री पदभार संभालते हैं और बजट की भी कोई कमी नहीं होती है। सीएम साय ने कहा कि आज संथाल की एक आदिवासी परिवार की बेटी, बहन द्रौपदी मुर्मू जी देश की राष्ट्रपति हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का दायित्व नरेंद्र मोदी जी ने मुझे सौंपा है। इसलिए हम कह सकते हैं कि आदिवासियों का हित बीजेपी में ही संभव है। 

Tags - JharkhandJharkhand newsChhattisgarh Chief Minister Vishnu Dev Sailoksbha election 2024